यमन में फंसे नागरिकों को निकालने के लिए पाकिस्तान ने मदद मांगी

इस्लामाबाद, 28 मार्च (आईएएनएस)। पाकिस्तान ने आंतरिक संघर्ष से जूझ रहे यमन में फंसे अपने नागरिकों को सुरक्षित निकालने के लिए कई देशों से मदद मांगी है। पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय ने शनिवार को यह जानकारी दी।

पाकिस्तान के विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता तस्नीम असलम ने कहा, “हम वहां फंसे अपने बगैर वीजा वाले नागरिकों को सुरक्षित निकालने के लिए यमन के सभी पड़ोसी देशों के संपर्क में हैं।”

समाचार एजेंसी सिन्हुआ के अनुसार, असलम ने कहा कि सरकार की प्राथमिकता “अपने नागरिकों को सुरक्षित निकालने के लिए काम करना है, क्योंकि यमन में सभी मुख्य हवाईअड्डे बंद हैं तथा जिन हवाईअड्डों से उड़ान जारी है वहां जाने वाले सड़क मार्ग और समुद्री मार्ग भी असुरक्षित हैं।”

उन्होंने एक वक्तव्य में कहा कि यमन में कई देशों के नागरिक फंसे हुए हैं तथा पाकिस्तान उन सभी नागरिकों को सुरक्षित निकालने के लिए संयुक्त अभियान की संभावना पर उन देशों के साथ संपर्क में है।

मीडिया रपटों के अनुसार, यमन में पाकिस्तान के तकरीबन 1,000 नागरिक हैं। रपटों में कहा गया है कि यमन में रह रहे लोगों के खिलाफ हर तरह के अपराध होने का जोखिम बना हुआ है, क्योंकि यमन में कानून-व्यवस्था ध्वस्त हो चुकी है।

पाकिस्तान के प्रधानमंत्री कार्यालय के अनुसार, प्रधानमंत्री नवाज शरीफ ने यमन में बिगड़ रहे हालात को देखते हुए वहां फंसे पाकिस्तानी नागरिकों की तत्काल स्वदेश वापसी के निर्देश दिए हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493