यह मेरा दिन नहीं था : दुती चंद

रियो डी जनेरियो, 13 अगस्त (आईएएनएस)। ब्राजील की मेजबानी में खेले जा रहे रियो ओलम्पिक की 100 मीटर फर्राटा दौड़ के सेमीफाइनल से बाहर होने के बाद भारत की महिला धावक दुती चंद ने शनिवार को कहा कि वह सेमीफाइनल में अपनी पूरी क्षमता का उपयोग नहीं कर सकीं जिसके कारण वह क्वालीफाई नहीं कर पाईं।

दुती ने ट्वीट किया, “यह मेरा दिन नहीं था। मुझ पर भरोसा जताने और बनाए रखने के लिए शुक्रिया।”

उन्होंने साथ ही कहा कि खराब मौसम के कारण भी उनके प्रदर्शन पर फर्क पड़ा।

दुती ने अपनी आवाज में एक बयान रिकॉर्ड कर मीडिया के लिए जारी किया है, जिसमें उन्होंने कहा, “अगर स्पर्धा रात के 11 बजे की जगह शाम को होती तो मेरा प्रदर्शन अच्छा होता। मैं शाम को ही अभ्यास करती हूं। लेकिन स्पर्धा 11 बजे हुई जो मेरा सोने का समय होता है।”

दुती ने माना की वह अपने पहले ओलम्पिक में ट्रैक पर उतरने के बाद काफी घबराई हुई थीं।

वह 100 मीटर हीट में सातवें स्थान पर रहीं। उन्होंने इस दूरी को पूरा करने में 11.69 सेकेंड का समय लिया।

हालांकि वह अगले ओलम्पिक के लिए क्वालीफाई करने को लेकर आश्वस्त हैं।

दुती ने कहा, “मैंने पहली बार ओलम्पिक में हिस्सा लिया। मैंने अन्य प्रतिभागियों से काफी कुछ सीखा। मैं इस बात से खुश हूं कि 20 साल की उम्र में मैं ओलम्पिक में हिस्सा ले पाई। मुझे तैयारियों के बारे में ज्यादा पता नहीं था। यहां आ के मुझे काफी कुछ पता चला। अगली बार मैं अपना सर्वश्रेष्ठ दूंगी।”

दुती ओडिशा के जजपुर की रहने वाली हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493