कोलकाता, 10 अप्रैल (आईएएनएस)। रॉयल चैलेंजर्स बैंगलोर टीम के कप्तान विराट कोहली ने अपनी टीम को आईपीएल-8 की सबसे संतुलित टीम करार दिया है। कोहली ने कहा कि उनकी टीम शनिवार को कोलकाता नाइट राइर्ड्स के खिलाफ आक्रामक खेल दिखाएगी।
कोहली ने कहा कि अब्राहम डिविलियर्स और क्रिस गेल जैसे विस्फोटक बल्लेबाजों से लैस उनकी टीम किसी भी हाल में कोलकाता को विजय नहीं पाने देगी।
कोलकाता के साथ होने वाले मुकाबले से पहले कोहली ने संवाददाताओं से कहा, “इस सत्र में आप मुझे, डिविलियर्स और गेल को आक्रामक अंदाज में खेलते देखेंगे क्योंकि हमारी बल्लेबाजी में गहराई है और इसी कारण हम खुलकर खेलेंगे। बीते दो-तीन संस्करणों में हम दबाव में खेले। इसका कारण यह था कि हमारे शीर्ष क्रम पर अच्छे बल्लेबाज थे लेकिन निचले क्रम पर इनकी कमी थी। अब यह समस्या खत्म हो गई है। अब हमें खुद को व्यापक तरीके से पेश करने का मौका मिलेगा।”
कोहली ने कहा कि स्टार खिलाड़ियों से लैस होने के बावजूद उनकी टीम के लिए आईपीएल में मिला-जुला नतीजा रहा है लेकिन इस बार उनकी टीम आईपीएल ट्रॉफी अपने नाम करने का पूरा प्रयास करेगी।
बकौल कप्तान, “हम दो फाइनल और दो सेमीफाइनल खेल लेकिन बाकी के संस्करणों में आगे जाने से वंचित रहे। लोग हमसे निराश हैं लेकिन इस बार हम इस निराशा को दूर करने का प्रयास करेंगे।”
dharmpath.com dharmpath