याकूब की पत्नी को राज्यसभा भेजने की मांग

लखनऊ, 1 अगस्त (आईएएनएस)। मुंबई विस्फोट (1993) के दोषी याकूब मेमन को फांसी दिए जाने के बाद उसकी पत्नी राहीन मेमन को राज्यसभा का टिकट देने की मांग समाजवादी पार्टी (सपा) के प्रमुख मुलायम सिंह यादव से की गई है। याकूब को 30 जुलाई को फांसी दी गई थी।

उल्लेखनीय है कि मुलायम ने इसके पहले दस्यु सुंदरी फूलन देवी को लोकसभा का टिकट दिया था और वह निर्वाचित भी हुई थीं।

सपा की मुंबई इकाई के उपाध्यक्ष मोहम्मद फारुक घोसी ने मुलायम से यह मांग की है। घोसी ने याकूब मेमन की फांसी के बाद उसकी पत्नी राहीन को राज्यसभा का टिकट देने की मांग को लेकर एक पत्र लिखा है।

घोसी ने पत्र में लिखा है कि याकूब की फांसी के बाद उनके मन में कुछ सवाल खड़े हुए हैं और इससे परेशान होकर उन्होंने यह पत्र लिखा है।

घोसी ने पत्र में लिखा है कि न्यायालय ने याकूब को दोषी करार दिया और पत्नी राहीन मेमन को बरी कर दिया, जो उसके साथ गिरफ्तारी के बाद कई वर्षो तक जेल में रही। उसने इस दौरान कितनी तकलीफें सही होंगी।

उन्होंने लिखा, “हम समाजवादियों की एक खूबी है कि मन की बात कहना जरूरी समझते हैं।”

घोसी ने कहा है कि याकूब की फांसी के बाद कई मुस्लिम अपने को असहाय महसूस कर रहे हैं। ऐसे में राहीन को सांसद बनाकर मजलूम और असहाय लोगों के लिए पार्टी को काम करना चाहिए।

उन्होंने पत्र में यह भी लिखा है कि यह उनके निजी विचार हैं और इसमें कुछ भी गलत लगे तो उन्हें माफ कर दिया जाए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493