युवक कांग्रेस के प्रदर्शन पर भाजपा सांसदों का विशेषाधिकार नोटिस

नई दिल्ली, 6 अगस्त (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) सांसद किरीट सोमैया ने लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन के आवास के बाहर भारतीय युवक कांग्रेस (आईवाईसी) के कार्यकर्ताओं के प्रदर्शन को लेकर गुरुवार को एक विशेषाधिकार हनन का नोटिस दिया।

केंद्रीय संसदीय कार्य मंत्री एम.वेंकैया नायडू ने बुधवार के प्रदर्शन को लोकतंत्र पर हमला करार दिया, जबकि भाजपा सांसद अर्जुन राम मेघवाल ने इसे लोकतंत्र की हत्या कहा।

लोकसभा में इस मुद्दे को उठाते हुए सोमैया ने कहा कि लोकसभा अध्यक्ष के खिलाफ उनके आवास के बाहर प्रदर्शन किया गया और उनका पुतला दहन किए जाने की भी आशंका थी।

भाजपा के कई सदस्यों के साथ मिलकर उन्होंने अध्यक्ष से उनकी नोटिस को स्वीकार करने की अपील की।

चिंता व्यक्त करते हुए नायडू ने कहा कि युवक कांग्रेस के कार्यकर्ता अध्यक्ष के आवास पर क्यों गए थे।

केंद्रीय मंत्री ने कहा, “यह धमकी के सिवा कुछ नहीं है। यह बेहद गंभीर मुद्दा है। यह संसदीय लोकतंत्र पर हमला है। इसे गंभीरतापूर्वक लेना चाहिए।”

अध्यक्ष से विशेषाधिकार हनन नोटिस को स्वीकार करने की अपील करते हुए नायडू ने कहा, “आप असहमत हो सकते हैं, लेकिन उनकी मंशा पर गौर करें, तो यह उनके घर पर जाकर उनका पुतला जलाना था।”

उल्लेखनीय है कि युवक कांग्रेस के कार्यकर्ताओं ने तीन अगस्त को कांग्रेस के 25 सांसदों के निलंबन को लेकर बुधवार को अध्यक्ष के आधिकारिक आवास के बाहर प्रदर्शन किया था।

संसद की कार्यवाही में जान बूझकर बाधा डालने और सदन में नियमों का पालन करने के लिए अध्यक्ष द्वारा बार-बार की गई अपील को अनसुना करने को लेकर कांग्रेस के 25 सांसदों को पांच दिनों के लिए निलंबित कर दिया गया था।

युवक कांग्रेस के अध्यक्ष अमरिंदर सिंह राजा ने सांसदों के निलंबन को लोकतंत्र का अपमान करार दिया।

कांग्रेस अपने 25 सांसदों के निलंबन को लेकर लोकसभा की कार्यवाही का बहिष्कार कर रही है। कई अन्य विपक्षी पार्टियां भी प्रदर्शन में कांग्रेस का साथ दे रही है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493