युवक के मुंडन के दौरान मूकदर्शक रहे 3 पुलिसकर्मी निलंबित

लखनऊ, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश में एक युवक का जबरन मुंडन करा दिया गया, और इस घटना के मूकदर्शक रहे तीन पुलिसकर्मियों को निलंबित कर दिया गया है। युवक का मुंडन सिर्फ इसलिए कराया गया, क्योंकि वह अपनी महिला मित्र के साथ बैठा हुआ था।

एक अधिकारी ने शनिवार को कहा कि यह घटना 22 मार्च को शाहजहांपुर में घटी थी। शुक्रवार को घटना का वीडियो सोशल मीडिया पर वायरल हो गया था, जिसके बाद सरकार को कार्रवाई के लिए मजबूर होना पड़ा।

वीडियो में युवक अपने आसपास खड़े पुलिसकर्मियों से आग्रह करता नजर आ रहा है कि उसने कुछ भी गलत नहीं किया और वह केवल अपनी महिला मित्र के साथ बैठा था।

अधिकारी ने कहा, “एक युवा जोड़ा एक सार्वजनिक स्थान पर बैठा था। तभी कुछ स्थानीय लोगों ने युवक का सिर मूंडने का आदेश दिया। घटनास्थल पर तीन पुलिसकर्मी – सुहैल, लायक और सोनू मौजूद थे, लेकिन उन्होंने भीड़ को नहीं रोका। जब मामला थाना प्रभारी (एचएचओ) के सामने लाया गया तो उन्होंने भी इस मामले में कोई कार्रवाई नहीं की।”

पुलिस अधीक्षक के.बी. सिंह ने मामले की जांच का आदेश दिया है और तीनों पुलिसकर्मियों को अपने कर्तव्य का पालन न करने के लिए निलंबित कर दिया है।

गौरतलब है कि राज्य पुलिस ‘एंटी रोमियो’ अभियान के तहत इन दिनों युवा जोड़ों के खिलाफ कार्रवाई कर रही है।

मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ पहले ही पुलिस को सार्वजनिक स्थानों पर आम सहमति से बैठे जोड़ों को परेशान न करने का निर्देश दे चुके हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493