युवाओं के लिए रोजगार, गरीबों के लिए आमदनी का राहुल का वादा

कोलार (कर्नाटक), 13 अप्रैल (आईएएनएस)। कांग्रेस अध्यक्ष राहुल गांधी ने कर्नाटक में अपनी पार्टी के लोकसभा उम्मीदवारों के पक्ष में प्रचार करते हुए शनिवार को वादा किया कि यदि उनकी सरकार बनी तो वह लाखों युवाओं के लिए रोजगार तैयार करेंगे और गरीबों को आय देंगे तथा किसानों के ऋण माफ करेंगे।

गांधी ने बेंगलुरू से लगभग 100 किलोमीटर पूर्व एक चुनावी रैली को हिंदी में संबोधित करते हुए कहा, “हमारी सरकार बनने पर हम युवाओं के लिए रोजगार पैदा करेंगे, केंद्र सरकार की 22 लाख रिक्तियां भरेंगे और पंचायत स्तर पर 10 लाख रिक्तियां भरेंगे, पांच करोड़ गरीब परिवारों को 6,000 रुपये महीने देंगे और किसानों के कर्ज माफ करेंगे।”

राहुल के 30 मिनट के हिंदी भाषण को वरिष्ठ कांग्रेस नेता बी.एल. शंकर ने कन्नड़ में साथ-साथ अनुवाद किया।

प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी पर कथित झूठे वादे करने के लिए हमला बोलते हुए राहुल ने कहा कि यदि उनकी सरकार बनी तो उनकी पार्टी देश के सभी लोगों के लिए समान विकास और सामाजिक न्याय के लिए विशेष कार्यक्रम और योजनाएं लाएगी।

गांधी ने कहा, “हमारे प्रमुख कार्यक्रम ‘न्याय’ के तहत गरीब महिलाओं के खातों में हर महीने 6,000 रुपये या प्रति वर्ष 72,000 रुपये डाले जाएंगे, जिससे देश भर के पांच करोड़ परिवारों के 25 करोड़ लोगों को लाभ होगा।”

संसद और देशभर की विधानसभाओं में महिलाओं को 33 प्रतिशत आरक्षण देने का आश्वासन देते हुए गांधी ने कहा कि पार्टी केंद्र सरकार में महिलाओं के लिए 33 प्रतिशत नौकरियां आरक्षित करेगी, और ज्यादातर महिलाओं द्वारा शुरू की गईं और संचालित स्वयं सहायता समूहों को धन मुहैया कराएगी।

राहुल ने कहा, “मोदी की नोटबंदी ने हजारों छोटे कारोबारों, कारोबारियों और अन्य को न केवल दिक्कतें पहुंचाई, बल्कि आठ नवंबर, 2016 को नोटबंदी के बाद से उन्हें भारी नुकसान हुआ।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493