युवाओं में मधुमेह की रोकथाम जरूरी : जितेंद्र सिंह

नई दिल्ली, 13 नवंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय पूर्वोत्तर विकास राज्य मंत्री (स्वतंत्र प्रभार) डॉ. जितेन्द्र सिंह ने सोमवार को कहा कि आने वाले वर्षो में विश्व के लिए, विशेषकर भारत के लिए युवाओं में मधुमेह की रोकथाम का संदेश दिया जाना चाहिए।

डॉ. सिंह सोमवार को विश्व मधुमेह दिवस की पूर्व संध्या पर आयोजित एक समारोह को संबोधित कर रहे थे। उन्होंने इस बात पर बल दिया कि युवाओं की ऊर्जा स्वस्थ और रचनात्मक कार्यो में लगाई जानी चाहिए।

डॉ. जितेन्द्र ने कहा कि भारत मधुमेह पीड़ितों की संख्या के आधार पर विश्व मधुमेह की राजधानी बन गया है। उन्होंने बताया कि मधुमेह बीमारी युवाओं की आयु पर प्रतिकूल प्रभाव डालती है और इससे भविष्य में उनके स्वास्थ्य को लेकर आर्थिक कठिनाइयां भी आती हैं।

उन्होंने कहा, “भारत को स्वस्थ युवाओं का देश बनाने की जरूरत है। एक ऐसा देश जो संक्रमणकारी और गैर- संक्रमणकारी बीमारी से मुक्त हो और युवाओं की क्षमताओं का पूरी तरह से दोहन किया जा सके।” उन्होंने कहा कि नए भारत का विजन तब वास्तविक रूप लेगा जब स्वस्थ युवा संसाधन का उपयोग होगा, क्योंकि 70 प्रतिशत आबादी 40 वर्ष से कम आयु की है।

उन्होंने मधुमेह की रोकथाम के लिए जनजागरूकता अभियान चलाने की आवश्यकता पर बल दिया। उन्होंने कहा कि मधुमेह जागरूकता अभियान को जनआंदोलन बनाया जाना चाहिए। उन्होंने कहा कि उचित नियंत्रण और रोकथाम व्यवस्था के साथ मधुमेह के परिणामों से निपटने के लिए हितधारकों के स्तर पर संरचना विकसित करने के लिए साझेदारी की जानी चाहिए।

इस अवसर पर सिंह ने मधुमेह रोकथाम और नियंत्रण के उद्देश्य से ‘मोबाइल वैन’ लांच किया। उन्होंने मधुमेह जांच के लिए नवीनतम प्रौद्योगिकी से लैस मधुमेह जागरूकता केंद्र में जागरूकता वॉक में भी हिस्सा लिया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493