युवा पीढ़ी में पढ़ने की आदत डालनी चाहिए : वेंकैया नायडू

नई दिल्ली, 1 मार्च (आईएएनएस)। सूचना एवं प्रसारण मंत्री एम. वेंकैया नायडू ने बुधवार को कहा कि युवा पीढ़ी में पढ़ने की आदत डालनी चाहिए। उन्होंने कहा कि युवाओं को डिजिटल ऑनलाइन लाइब्रेरी का उपयोग करना चाहिए जहां चुनिंदा अभिलेखीय पुस्तकें उपलब्ध हैं और जिनसे बुक गैलरी के जरिये नि:शुल्क लाभ उठाया जा सकता है। त्वरित संचार के इस युग में सभी आयु वर्गो के लोगों में पढ़ने की आदत डालना अत्यंत आवश्यक है।

नायडू ने सूचना भवन में मीडिया इकाइयों एवं उनकी विभिन्न सुविधाओं का बुधवार को मुआयना किया, ताकि उनके कामकाज का प्रत्यक्ष अनुभव हो सके।

प्रकाशन प्रभाग द्वारा हाल ही में खोली गई नई बुक गैलरी पर टिप्पणी करते हुए नायडू ने लोगों से इस गैलरी में अपना आगमन सुनिश्चित करने और प्रकाशन प्रभाग द्वारा पेश किये गये पुस्तकों के बहुमूल्य संग्रह का समुचित उपयोग करने का अनुरोध किया।

सूचना भवन में एक अत्याधुनिक एवं आकर्षक बुक गैलरी बनाई गई है, जो जनवरी 2017 से ही परिचालन में आ गई है। बच्चों की पुस्तकों के लिए एक अलग खंड बनाया गया है, ताकि रोचक शीर्षकों को पढ़ने के लिए बच्चों को प्रोत्साहित किया जा सके। गैलरी में एक पठन कक्ष भी बनाया गया है जहां आगंतुक आराम से बैठ सकते हैं और वहां पर प्रदर्शित किसी भी पुस्तक को खरीदने से पहले उसका अवलोकन भी कर सकते हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493