कीव, 29 नवंबर (आईएएनएस)। यूक्रेन की संसद में बुधवार को एक आदेश पारित किया गया, जिसमें कहा गया कि देश में अगला राष्ट्रपति चुनाव तय समय पर होगा।
देश में राष्ट्रपति चुनाव 31 मार्च 2019 को होने जा रहा है।
देश में मार्शल लॉ के बीच संसद ने एक आदेश पारित किया। ऐसी संभावना थी की मार्शल लॉ की वजह से चुनाव स्थगित हो सकते हैं।
आमतौर पर यूक्रेन में मार्शल लॉ लागू होने पर चुनाव नहीं होते हैं।
गौरतलब है कि रूस के साथ तनाव बढ़ने के बाद बुधवार को यूक्रेन के 10 क्षेत्रों में 30 दिनों के लिए मार्शल लॉ लागू कर दिया गया।
यूक्रेन के राष्ट्रपति पेट्रो पोरोशेंको ने जोर देकर कहा कि मार्शल लॉ का मतलब युद्ध की घोषणा नहीं बल्कि यूक्रेन की सुरक्षा की मजबूती की दिशा में आगे एक कदम बढ़ाना है।
इस बीच रूस के राष्ट्रपति व्लादिमीर पुतिन ने पोरोशेंको पर 2019 के राष्ट्रपति चुनाव से पहले अपनी रेटिंग बढ़ाने का आरोप लगाया।
dharmpath.com dharmpath