नई दिल्ली, 6 अक्टूबर (आईएएनएस)। गूगल ने अर्जेटीना की राजधानी ब्यूनस आयर्स में शनिवार से शुरू होने जा रहे यूथ ओलम्पिक खेलों के सम्मान में डूडल बनाया है। इन खेलों में लगभग 200 देशों के करीब 4000 प्रतिभागी हिस्सा ले रहे हैं।
18 अक्टूबर तक चलने वाले यूथ ओलम्पिक खेलों में अलग-अलग वर्गो के 15 से 18 साल तक उम्र के एथलीट हिस्सा लेंगे। ओलम्पिक के इतिहास में यह पहली बार होगा जब 4000 प्रतिभागियों में पुरुष और महिलाओं की संख्या बराबर होगी। ये खिलाड़ी 32 खेलों में भाग लेंगे।
गूगल के डूडल में एक चिड़िया दिख रही है जो अलग-अलग तरह खेलों जैसे भारोत्तोलक, साइक्लिंग, तैराकी, जिमनास्ट में हाथ आजमाते नजर आ रही है।
यूथ ओलम्पिक खेलों में भारत के 47 युवा खिलाड़ी 13 खेलों में हिस्सा लेंगे। इनमें मनु भाकर और मेहुली घोष भी शामिल हैं।
यूथ ओलम्पिक खेलों में इस बार ब्रेकडांसिंग, स्पोर्ट क्लाइम्बिंग, रोलर स्पोर्ट्स, कराटे, बीएमएक्स फ्रीस्टाइल, काइटबोर्डिग, बीच हैंडबॉल, फुटसाल और एक्रोबेटिक जिम्नास्टिक जैसे कई नए खेल शामिल होंगे।
ऐसा पहली बार होगा जब यूथ ओलम्पिक खेलों का आयोजन एशिया से बाहर हो रहा है और साथ ही पहली बार किसी युवा खेल का आयोजन यूरेएशिया से बाहर होने जा रहा है। इससे पहले के दो ग्रीष्मकालीन युवा ओलम्पिक खेल सिंगापुर (2010) और नाजिंग, चीन (2014) में हुए थे।
dharmpath.com dharmpath