माथुर ने कहा कि प्रदेश का हाल बहुत बुरा है और सूबे की गूंगी-बहरी सपा सरकार कुछ भी नहीं कर रही है।
सदन में हंगामा करने के बाद सेंट्रल हॉल में पत्रकारों से मुखातिब कांग्रेस नेता ने कहा, “प्रदेश की कानून-व्यवस्था ध्वस्त है।”
उन्होंने समाजवादी पार्टी की सपा सरकार पर आरोप लगाते हुए कहा कि सत्ता के कई केंद्र होने के कारण मुख्यमंत्री अखिलेश यादव की नहीं चलती। पूरे प्रदेश में गुंडाराज एवं पुलिसिया राज फैला हुआ है। यहां के थानेदार और कोतवाल सब निरंकुश हो गए हैं।
100 नंबर की पुलिस व्यवस्था पर माथुर ने कहा कि विडंबना तो यह है कि कोई घटना घटने पर पुलिस अमूमन तो सही समय पर पहुंचती नहीं और जब पहुंचती है तो पुलिस पीड़ित व्यक्ति को ही गिरफ्तार कर जेल में डाल देती है। हालत यह है कि प्रदेश में मीडियाकर्मियों पर उनके कार्य करने के दौरान केस कर दिया जाता है।
माथुर ने शामली में हर्ष फायरिंग के दौरान बच्चे की मौत की घटना का भी जिक्र किया और कानून-व्यवस्था की स्थिति बताई।
माथुर ने कहा कि प्रदेश में खुलेआम खनन का कार्य धड़ल्ले से चल रहा है। उन्होंने कहा कि मुख्यमंत्री चाहते हैं कि प्रदेश को सजाया-संवारा जाए, लेकिन जो चार वर्षो में नहीं हुआ, वह अब क्या होगा।
उन्होंने कहा कि गूंगी-बहरी सरकार प्रदेश के इन बुरे हालात के बावजूद कुछ नहीं कर रही है।
dharmpath.com dharmpath