मास्को, 2 नवंबर (आईएएनएस)। रूस के एक वरिष्ठ खेल अधिकारी ने बुधवार को बताया कि अंतर्राष्ट्रीय एथलेटिक्स महासंघ (आईएएएफ) अगले वर्ष मार्च में होने वाले यूरोपियन एथलेटिक्स चैम्पियनशिप में हिस्सा लेने के लिए रूसी एथलीटों को इजाजत दे सकता है।
हालांकि रूसी अधिकारी ने बताया कि आईएएएफ सिर्फ व्यक्तिगत आवेदन देने वाले रूसी एथलीटों को ही खेलने की इजाजत दे सकता है।
समाचार एजेंसी तास ने ऑल रशिया एथलेटिक्स फेडरेशन (एआरएएफ) के अध्यक्ष दिमित्री शल्याख्तीन ने कहा, “हम आवेदन करने की नई शर्तो का इंतजार कर रहे हैं, जिन्हें जल्द ही भेजा जाएगा।”
उन्होंने कहा, “मुझे विश्वास है कि हम व्यक्तिगत आवेदनों के आधार पर यूरोपियन चैम्पियनशिप-2017 में खेलेंगे।”
उल्लेखनीय है कि विश्व डोपिंग रोधी एजेंसी (वाडा) ने पिछले वर्ष एआरएएफ, मास्को डोपिंग प्रयोगशाला, रूसी डोपिंग रोधी एजेंसी और रूसी खेल मंत्रालय की स्वतंत्र आयोग से जांच करवाई थी।
अपनी रिपोर्ट में आयोग ने कुछ विशेष खिलाड़ियों और खेल अधिकारियों पर डोपिंग के आरोप लगाए और डोपिंग से जुड़ी अन्य गतिविधियों में शामिल होने के भी आरोप लगाए।
अंतत: आईएएएफ ने एआरएएफ की सदस्यता निलंबित कर दी और एआरएएफ को अपनी सदस्यता बहाल करवाए जाने के लिए एक नियमावली का पालन करने के लिए कहा।
dharmpath.com dharmpath