नई दिल्ली, 5 जुलाई (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी नई दिल्ली स्थित जवाहर लाल नेहरू स्टेडियम के अवसंरचना निदेशक संजीव बर्नवाल ने बुधवार को फीफा अंडर-17 विश्व कप के लिए स्टेडियम की पिच को फुटबाल की विश्व नियामक संस्था फीफा को सौंपने की पुष्टि की है।
इस स्टेडियम में अंडर-17 विश्व कप के ग्रुप दौर के छह और अंतिम-16 दौरे के चार मैच खेले जाएंगे।
खेल मंत्री विजय गोयल ने स्टेडियम की तैयारियों का जायजा लेने के बाद कहा कि स्टेडियम अभी पूरी तरह तैयार नहीं है।
गोयल ने यहां पत्रकारों से कहा, “मैं तैयारियों में दिखाई जा रही तेजी से खुश हूं और स्टेडियम का 90 फीसदी से अधिक काम पूरा कर लिया गया है।”
खेल मंत्री ने स्टेडियम के अधिकारियों से कहा कि वह एक तारीख निर्धारित करें कि वे कब तक फीफा का पूरा स्टेडियम सौपेंगे।
गोयल ने कहा, “मैं अधिकारियों से एक निश्चित तारीख बताने के लिए कहा, जब वह पूरी तैयारी के साथ स्टेडियम सौंप सकेंगे और अगर हमें कल ही फीफा विश्व कप शुरू करना हो तो कितना काम पूरा हो चुका है।”
फीफा अंडर-17 विश्व कप के सर्वश्रेष्ठ आयोजन स्थल के बारे में पूछे जाने पर गोयल ने कोलकाता का नाम लिया।
उन्होंने कहा, “मैं दो बार कोच्चि गया, लेकिन मैं कोलकाता का नाम लूंगा। वहां का स्टेडियम बिल्कुल नया है और उसे बहुत लगन के साथ बनाया गया है।”
dharmpath.com dharmpath