येदियुरप्पा ने तीसरी बार मुख्यमंत्री पद की शपथ ली (लीड-2)

बेंगलुरू, 17 मई (आईएएनएस)। भाजपा के विधायक दल के नेता बी.एस.येदियुरप्पा ने गुरुवार को कर्नाटक के मुख्यमंत्री पद की शपथ ली।

राज्यपाल वजुभाई वाला ने गुरुवार को कड़ी सुरक्षा एवं व्यवस्था के बीच सुबह नौ बजे राजभवन में येदियुरप्पा को शपथ दिलाई।

येदियुरप्पा (75) ने भाजपा के केंद्रीय और राज्य के नेताओं और नवनिर्वाचित विधायकों के बीच कन्नड़ भाषा में शपथ ली।

इससे पहले सर्वोच्च न्यायालय की तीन सदस्यीय पीठ ने येदियुरप्पा के शपथ ग्रहण पर रोक लगाने संबंधी कांग्रेस और जनता दल सेक्युलर (जेडीएस) की संयुक्त रिट याचिका खारिज कर दी।

शीर्ष अदालत ने कहा कि येदियुरप्पा का शपथ ग्रहण मामले के अंतिम नतीजे के अधीन है और इस मामले में अगली सुनवाई शुक्रवार को 10.30 बजे होगी।

न्यायाधीश ए.के.सीकरी के नेतृत्व में पीठ ने उस पत्र को पेश करने को कहा, जिसे येदियुरप्पा ने बुधवार को राज्यपाल को लिखते हुए उन्हें सूचित किया था कि कर्नाटक में भाजपा के विधायक दल के नेता के रूप में उनका चुनाव किया गया है।

येदियुरप्पा आठवीं बार शिकारीपुरा से चुनाव जीते हैं। उन्होंने तीसरी बार कर्नाटक के मुख्यमंत्री के रूप में शपथ ली है।

वह पहली बार अक्टूबर 2007 में जेडीएस-भाजपागठबंधन सरकार में राज्य के मुख्यमंत्री बने थे लेकिन उनकी सरकार लगभग एक महीना ही टिक पाई। परिणामस्वरूप राज्य में नवंबर से अप्रैल तक राष्ट्रपति शासन लागू कर दिया गया और मई 2008 में मध्यावधि चुनाव हुए।

मई 2008 चुनाव में वह दोबारा मुख्यमंत्री बने।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493