योग से 70 प्रतिशत चिकित्सा खर्च घटा सकते हैं : डडवाल

नई दिल्ली, 20 जून (आईएएनएस)। दुनिया जहां बुधवार को अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस मनाने की तैयारी में है, वहीं नई दिल्ली स्थित योग संस्थान ‘योग औषधि’ के संस्थापक, दीपक डडवाल का कहना है कि योग के जरिए 70 प्रतिशत चिकित्सा खर्च बचाया जा सकता है। उन्होंने कहा कि योग के जरिए तन ही नहीं, मन को भी स्वस्थ रखा जा सकता है।

डडवाल ने यहां जारी एक बयान में कहा, “भारत के लोग रोग की अवस्था में तो चिकित्सक के पास जाने के लिए तत्पर रहते हैं, लेकिन यदि सभी योग को अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बना लें तो चिकित्सक के पास जाने की संभावना कम से कम 70 प्रतिशत तक घट सकती है।”

उन्होंने कहा कि भारत सरकार के प्रयासों से योग का पूरे विश्व में तो प्रचार हो रहा है, लेकिन आधुनिक समय में भारतीयों को इसे अपने दैनिक जीवन का हिस्सा बनाने के लिए अनेक प्रयास करने होंगे।

अपने 30 साल के योग-अनुभवों के आधार पर योगाचार्य डडवाल ने कहा, “परिवार और समाज के स्तर पर देखा गया है कि जो लोग नियमित योग करते हैं, वे शारीरिक रूप से स्वस्थ रहने के साथ-साथ मानसिक रूप से भी अधिक सुदृढ़ होते हैं। वे जीवन की कठिनाइयों के प्रति सकारात्मक दृष्टिकोण रखते हैं और अपने साथ-साथ समाज के अन्य लोगों को भी प्रगति और स्वास्थ्य के मार्ग पर साथ लेकर चलते हैं।”

गौरतलब है कि डडवाल की संस्था ‘योग औषधि’ योग के प्रचार एवं आम जन के स्वास्थ्य के प्रति समर्पित है और अंतर्राष्ट्रीय योग दिवस पर बुधवार को मॉडल टाउन के शालीमार पार्क में आम जन के लिए सुबह सात बजे से साढ़े आठ बजे तक योग सत्र का आयोजन कर रखा है।

डडवाल ने योग से जुड़ने और भारतीय संस्कृति को पहचानने का लोगों से आह्वान किया है, ताकि स्वस्थ जीवन की ओर अग्रसर हो सकें।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493