नई दिल्ली, 16 अप्रैल (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी स्थित इंदिरा गांधी अंतर्राष्ट्रीय हवाई अड्डे पर 18 मार्च को एक महिला यात्री के यौन उत्पीड़न के आरोप में एक आव्रजन अधिकारी को गिरफ्तार किया गया है। हालांकि कुछ ही घंटों बाद वह जमानत पर रिहा हो गया।
पुलिस ने गुरुवार को अधिकारी की गिरफ्तारी की जानकारी दी। आरोप है कि आव्रजन अधिकारी विनोद कुमार ने 18 मार्च को दिल्ली से हांगकांग से लिए विमान पकड़ने आई बेंगलुरू की महिला यात्री से बेहद भद्दे व निजी सवाल पूछकर उनका यौन उत्पीड़न किया।
पुलिस ने कहा कि विनोद को भारतीय दंड संहिता (आईपीसी) की धारा 354 (महिला की शालीनता भंग करने के इरादे से अश्लील हरकत करने) के तहत दिल्ली में गिरफ्तार कर लिया गया।
बेंगलुरू में महिला का बयान दर्ज करने के एक सप्ताह बाद पुलिस ने उसे गिरफ्तार किया।
पुलिस उपायुक्त (आईजीआई हवाईअड्डा) एम.आई.हैदर ने कहा, “आव्रजन अधिकारी को कल (बुधवार) गिरफ्तार किया गया, लेकिन इसके कुछ ही घंटे बाद वह जमानत पर रिहा हो गया।”
महिला ने दावा किया था कि हांगकांग के लिए विमान पकड़ने के पहले आव्रजन काउंटर पर विनोद ने उनसे भद्दे व बेहद निजी सवाल पूछकर उनका उत्पीड़न किया।
उन्होंने कहा कि इसके बाद उनका पीछे करते हुए वह एस्कलेटर तक आ गया।
dharmpath.com dharmpath