पणजी, 28 मार्च (आईएएनएस)। रक्षा प्रदर्शनी- 2016 में बढ़ी भागीदारी के पीछे प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के ‘मेक इन इंडिया’ अभियान का कमाल है या फिर गोवा का, लेकिन सोमवार को इसके उद्घाटन के अवसर पर रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर चकित जरूर दिखे।
नकेरी के पठार में आयोजित रक्षा प्रदर्शनी-2016 के उद्घाटन समारोह को संबोधित करते हुए गोवा के पूर्व मुख्यमंत्री और रक्षा मंत्री मनोहर पर्रिकर ने कहा,”रक्षा प्रदर्शनी में 1035 कंपनियों का भाग लेना हमारी उम्मीदों से 20 से 25 प्रतिशत अधिक है। इसके पीछे हम लोगों के ‘मेक इन इंडिया’ अभियान का हाथ हो सकता है या फिर गोवा का आकर्षण का।”
पारंपरिक रूप से रक्षा प्रदर्शनी राष्ट्रीय राजधानी दिल्ली में आयोजित की जाती थी, लेकिन प्रगति मैदान में नए कन्वेंशन सेंटर के निर्माण कार्य की वजह से रक्षा प्रदर्शनी-2016 का आयोजन दक्षिणी गोवा के नकेरी के पठार में आयोजित की गई है।
रक्षा प्रदर्शनी-2016 स्थल, जल और आंतरिक सुरक्षा के लिहाज से देश की सबसे बड़ी प्रदर्शनी है। जहां तक गोवा का सवाल है तो यह देश का बड़ा ‘नाइट लाइफ’ पर्यटन गंतव्य है। यहां हर साल करीब 40 लाख पर्यटक आते हैं।
dharmpath.com dharmpath