लखनऊ, 19 अक्टूबर (आईएएनएस)। उत्तर प्रदेश के मुख्यमंत्री अखिलेश यादव 3 नवम्बर से समाजवादी विकास रथ यात्रा शुरू करेंगे। समाजवादी पार्टी के अध्यक्ष मुलायम सिंह यादव को बुधवार को लिखे पत्र में उन्होंने साफतौर पर कहा है कि विरोधी पार्टियां अब तेजी से चुनाव प्रचार में जुट गई हैं, लिहाजा वह 3 नवंबर से पूरे प्रदेश में रथयात्रा पर निकल रहे हैं।
मुख्यमंत्री ने मुलायम को लिखे पत्र में कहा, “आगामी विधानसभा चुनाव 2017 की तैयारियों के संबंध में मेरे द्वारा 3 अक्टूबर 2016 से समाजवादी विकास रथयात्रा के माध्यम से चुनाव प्रचार शुरू करने की योजना थी। किन्ही कारणों की वजह से वह उस समय नहीं शुरू हो पाई।”
उन्होंने लिखा, “इस समय सभी राजनीतिक दल प्रचार में जुट गए हैं। ऐसी दशा में सरकार बनाने के लिए मैं चुनाव प्रचार के उद्देश्य से तीन नवंबर से विकास से विजय की ओर समाजवादी विकास रथयात्रा प्रारम्भ करने जा रहा हूं। यात्रा का विस्तृत कार्यक्रम सपा के जिलाध्यक्षों एवं कार्यकर्ताओं के पास समय-समय पर भेजा जाएगा।”
गौरतलब है कि 5 नवंबर को सपा अपनी स्थापना की रजत जयंती मनाने जा रही है। इस मौके पर पूरा यादव परिवार भी मौजूद रहेगा। कयास भी लगाए जा रहे हैं कि इस मौके पर अखिलेश यादव को मुख्यमंत्री उम्मीदवार बनाने की भी घोषणा की जा सकती है।
हाल ही में सपा प्रमुख मुलायम सिंह यादव ने पार्टी से अगले मुख्यमंत्री के उम्मीदवार को लेकर कहा था कि इसका चुनाव विधानमंडल दल करेगा। जिसके बाद मुख्यमंत्री चेहरे को लेकर मीडिया और पार्टी कार्यकर्ताओं में असमंजस की स्थिति बन गई थी। बाद में हालांकि पार्टी के नेता और सपा के राज्यसभा सांसद किरणमय नंदा ने कहा था कि विधानसभा चुनाव में अखिलेश ही पार्टी का चेहरा होंगे।
dharmpath.com dharmpath