धर्मशाला, 30 अक्टूबर (आईएएनएस)। बंगाल ने धर्मशाला स्थित हिमाचल प्रदेश क्रिकेट संघ (एचपीसीए) स्टेडियम में हुए रणजी ट्रॉफी ग्रुप-ए के मैच में रविवार को रेलवे को 43 रनों से हरा दिया।
चौथी पारी में 315 रनों के लक्ष्य का पीछा करते हुए रेलवे की टीम शिवाकांत शुक्ला (85), अरिंदम घोष (51) और कप्तान कर्ण शर्मा (नाबाद 54) की संघर्षपूर्ण पारियों के बावजूद 271 के स्कोर पर ऑलआउट हो गई।
बंगाल की जीत में तेज गेंदबाज अशोक डिंडा ने अहम भूमिका निभाई। डिंडा ने दोनों पारियों में पांच-पांच विकेट अपने नाम किए।
बंगाल ने पहली पारी में सुदीप चैटर्जी (85) और डिंडा (30) की बदौलत 205 रन बनाए थे। लेकिन बंगाल के इस औसत स्कोर के जवाब में रेलवे अपनी पहली पारी में कुछ खास नहीं कर सका और मात्र 105 के स्कोर पर रेलवे की पहली पारी धराशायी हो गई।
यहां तक कि बंगाल के पहली पारी में अपने सिर्फ तीन गेंदबाजों का इस्तेमाल करना पड़ा। डिंडा के अलावा अमित कुइला ने दो और सायन घोष ने तीन विकेट चटकाकर रेलवे की पहली पारी ढेर की।
इसके बाद बंगाल ने दूसरी पारी में कप्तान मनोज तिवारी (48), रिद्धिमान साहा (44) और सायन मोंडल (30) की बदौलत 214 रन बनाए और रेलवे के सामने चौथी पारी में जीत के लिए 315 रनों का कठिन लक्ष्य रखा।
डिंडा को मैन ऑफ द मैच चुना गया और इस मैच से पूरे छह अंक लेकर बंगाल ग्रुप-ए की अंकतालिका में दूसरे स्थान पर पहुंच गय।
dharmpath.com dharmpath