गुवाहाटी, 12 दिसम्बर (आईएएनएस)। दक्षिण एशियाई खेलों के 12वें संस्करण का लोगो और शुभंकर रविवार को केंद्रीय खेल मंत्री सर्वानंद सोनोवाल, असम के मुख्यमंत्री तरुण गोगोई और मेघालय के मुख्यमंत्री मुकुल संगमा की मौजूदगी में जारी किया जाएगा।
गुवाहाटी और शिलांग की संयुक्त मेजबानी में अगले वर्ष छह से 16 फरवरी के बीच दक्षिण एशियाई खेलों-2016 का आयोजन होगा।
दक्षिण एशियाई खेलों के 12वें संस्करण के लोगो और शुभंकर के लिए एक प्रतियोगिता आयोजित की गई थी, जिसमें कोल्हापुर के आनंद खासबारदार और राष्ट्रीय फैशन और प्रोद्यौगिक संस्थान (एनआईएफटी), पटना के अभिजीत कृष्णा के डिजाइनों ने बाजी मारी।
खेल मंत्रालय के अनुसार इस प्रतियोगिता में कुल 450 प्रविष्टियां मिलीं, जिनमें से सर्वश्रेष्ठ डिजाइन को चुना गया।
दक्षिण एशियाई खेलों-2016 की 23 स्पर्धाओं में आठ देशों से 4500 के करीब खिलाड़ियों और अधिकारियों के हिस्सा लेने की उम्मीद है।
शुभंकर और लोगो के लांच के साथ एसएजी प्रतियोगिता के स्वयसेवकों के चयन का कार्यक्रम भी शुरू करेगा।
उद्घाटन के बाद शुभंकर को गुवाहाटी के मोटरसाइकिल सवारों के एक समूह ‘असम बाइकर्स ग्रुप’ द्वारा पूरे शहर में घुमाया जाएगा।
dharmpath.com dharmpath