नई दिल्ली, 6 मार्च (आईएएनएस)। लोकसभा के पूर्व अध्यक्ष रवि राय के निधन पर प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी तथा लोकसभा अध्यक्ष सुमित्रा महाजन ने सोमवार को शोक जताया।
मोदी ने ट्विटर के अपने आधिकारिक अकाउंट से ट्वीट किया, “लोकसभा अध्यक्ष के निधन की खबर सुनकर दुख हुआ। वह एक प्रतिबद्ध नेता तथा सम्मानित सांसद थे।”
वहीं सुमित्रा महाजन ने अपने शोक संदेश में उन्हें लोगों के कल्याण के प्रति गहराई से समर्पित रहने वाला नेता करार दिया।
उन्होंने कहा, “रवि राय के निधन की खबर सुनकर मुझे बेहद दुख हुआ। वह एक वरिष्ठ नेता थे, जो लोगों के कल्याण के लिए पूरी तरह कटिबद्ध थे। वह सादगी के प्रतीक थे और मानवतावादी विचारों व लोकतांत्रिक विचारों में उनकी गहरी आस्था थी।”
उन्होंने कहा, “लोकसभा अध्यक्ष के रूप में उन्होंने लोकसभा की कार्यवाही का संचालन सुचारू पूर्वक व सादगीपूर्वक किया और अध्यक्ष की मर्यादा का खयाल रखा। दुख की इस घड़ी में मैं उनके परिवार के प्रति हार्दिक संवेदना व्यक्त करती हूं।”
राय को लंबी बीमारी के कारण सोमवार को निधन हो गया। वह 91 वर्ष के थे।
उम्र से संबंधित बीमारियों से जूझ रहे राय को 12 फरवरी को तबीयत बिगड़ने के बाद कटक के एससीबी मेडिकल कॉलेज में भर्ती कराया गया था।
dharmpath.com dharmpath