नई दिल्ली, 12 मई (आईएएनएस)। ऑस्कर विजेता संगीतकार अल्ला रक्खा रहमान (ए.आर. रहमान) ने भी इसी साल अगस्त में होने वाले रियो ओलम्पिक के लिए भारत का सद्भावना दूत बनने का भारतीय ओलम्पिक संघ (आईओए) का प्रस्ताव स्वीकार कर लिया है।
रहमान से पहले ओलम्पिक में स्वर्ण पदक जीत चुके निशानेबाज अभिनव बिंद्रा, बॉलीवुड सुपरस्टार सलमान खान और क्रिकेट स्टार सचिन तेंदुलकर भी आईओए का प्रस्ताव स्वीकार कर चुके हैं।
बॉलीवुड स्टार सलमान को ओलम्पिक में भारत का सद्भावना दूत बनाए जाने के बाद काफी विवाद खड़ा हो गया था। इसके बाद आईओए ने सलमान के साथ सद्भावना दूत बनने का प्रस्ताव बिंद्रा, सचिन और रहमान के समक्ष रखा था। बिंद्रा ने अप्रैल में यह प्रस्ताव स्वीकार कर लिया था जबकि सचिन ने तीन मई को इसे स्वीकार किया था।
अब रहमान ने गुरुवार को इसे स्वीकार कर लिया। भारतीय ओलम्पिक संघ को रहमान द्वारा प्रस्ताव स्वीकार किए जाने की पुष्टि हो चुकी है।
रहमान ने अपने संदेश में कहा, “मेरे लिए अगस्त 2016 में होने वाले ओलम्पिक खेलों के लिए भारतीय दल का सद्भावना दूत बनना सम्मान और गौरव की बात है।”
आईओए के महासचिव राजीव मेहता ने सद्भावना दूत के तौर पर रहमान का भारतीय प्रतिनिधिमंडल में स्वागत किया है। मेहता ने कहा कि वह प्रस्ताव स्वीकार करने पर रहमान का धन्यवाद करते हैं और उम्मीद जताते हैं कि रहमान की मौजूदगी भारतीय ओलम्पिक अभियान को मजबूती प्रदान करेगी।
रियो ओलम्पिक का आयोजन 5 से 21 अगस्त के बीच होना है। दक्षिण अमेरिका महाद्वीप में पहली बार ओलम्पिक का आयोजन हो रहा है।
dharmpath.com dharmpath