बेंगलुरु, 31 जुलाई (आईएएनएस)। कर्नाटक के मुख्यमंत्री सिद्धारमैया के बड़े पुत्र राकेश सिद्धारमैया का पार्थिव शरीर सोमवार को बेल्जियम से मैसूरु ले जाया जाएगा। एक अधिकारी ने रविवार को यह जानकारी दी।
अधिकारी ने आईएएनएस को बताया, “परिजन शव के साथ अमीरात एयरलाइंस से बेंगलुरु के लिए उड़ान भरेंगे। उसके बाद एक विशेष विमान से मैसूरु ले जाया जाएगा।”
सिद्धारमैया, उनकी पत्नी पार्वती, बहू और छोटे पुत्र यतीन्द्र शव के साथ आएंगे।
राकेश (39) अपने दोस्तों के साथ 21 जुलाई को यूरोप के निजी दौरे पर गए थे। उन्हें अग्न्याशय (पैनक्रियाज) संबंधी समस्या थी। मंगलवार को तबीयत खराब होने पर बेल्जियम की राजधानी ब्रसेल्स स्थित एंटवर्प युनिवर्सिटी अस्पताल में उन्हें भर्ती कराया गया था जहां शनिवार को उनके कई अंगों ने काम करना बंद कर दिया और उनकी मौत हो गई।
मुख्यमंत्री के परिवार ने जनता, दोस्तों और रिश्तेदारों से अपील की है कि वे बेंगलुरु हवाई अड्डे पर न जुटें।
मैसूरु की दूरी बेंगलुरु से 150 किलोमीटर है। वह सिद्धारमैया का गृह नगर है। सिद्धारमैया सत्तारूढ़ कांग्रेस पार्टी के लिए जिले के चामुंडेश्वरी विधानसभा क्षेत्र का मई 2013 से प्रतिनिधित्व कर रहे हैं।
शव को शाम में मैसूर के बाहरी इलाके में स्थित सिद्धारमैया के फार्महाउस में रखा जाएगा।
सिद्धारमैया ने जनता, दोस्तों एवं शुभचिंतकों के प्रति दुख की इस घड़ी में साथ देने के लिए आभार जताया है।
ब्रसेल्स से भारत के लिए रवाना होने से पहले सिद्धारमैया ने एक संदेश में कहा है, “मेरा दुख अकथनीय है और मेरा नुकसान अपूरणीय है। मैं अब भी अपने आंसू रोक पाने में असमर्थ हूं। यदि मैं उन सभी लोगों के प्रति आभार नहीं व्यक्त करूं जो दुख की इस घड़ी में हमारे साथ खड़े रहे तो ये मेरे कर्तव्य की नाकामी होगी।”
dharmpath.com dharmpath