राजकोट टी-20 : सीरीज पर कब्जा होगा भारत का लक्ष्य

राजकोट, 4 नवंबर (आईएएनएस)। भारत और न्यूजीलैंड की टीमें आज यहां के सौराष्ट्र क्रिकेट संघ स्टेडियम में दूसरे टी-20 मैच में आमने-सामने होंगी।

1-0 से बढ़त ले चुकी भारतीय टीम की कोशिश इस मैच को जीतते हुए 2-0 की अजेय बढ़त हासिल करने पर होंगी। वहीं किवी टीम वापसी के इरादे से उतरेगी।

दिल्ली में हुए पहले मैच में भारत ने न्यूजीलैंड को मात देते हुए 1-0 से बढ़त ले ली थी। मेजबानों की फॉर्म को देखते हुए जीत उससे दूर नहीं लग रही है।

पहले मैच में किवी टीम की न गेंदबाजी चली थी न बल्लेबाजी। शिखर धवन और रोहित शर्मा की जोड़ी ने उसे विकेटों के लिए तरसा दिया था। रही सही कसर विराट कोहली ने पूरी कर दी थी।

कोहली ने पिछले मैच में श्रेयस अय्यर को पदार्पण का मौका दिया था, लेकिन वह बल्लेबाजी करने नहीं उतर पाए थे। दूसरे मैच में भी उम्मीद है कि अय्यर अंतिम एकदाश में होंगे।

किवी गेंदबाजों में से सिर्फ मिशेल सैंटनर ही भारतीय गेंदबाजों को शुरुआत में कुछ हद तक रोक पाए थे। बाकी के सभी गेंदबाज महंगे साबित हुए थे, हालांकि ईश सोढ़ी ने दो विकेट जरूर लिए थे।

वहीं गेंदबाजी में भुवेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह, युजवेंद्र चहल ने भारत की तरफ से अपना कमाल दिखाया था। दिल्ली का मैच तेज गेंदबाज आशीष नेहरा का अंतिम मैच था। उनके जाने के बाद टीम में एक तेज गेंदबाज की जगह खाली हुई है। ऐसे में इस सीरीज में टीम में शामिल किए गए मोहम्मद सिराज पदार्पण कर सकते हैं।

किवी टीम की फील्डिंग भी पिछले मैच में कमजोर रही थी। ऐसे में मेहमानों को तीन क्षेत्रों में सुधार करने की जरूरत है।

बल्लेबाजी में किवी टीम की आस कप्तान केन विलियमसन, रॉस टेलर, मार्टिन गुप्टिल और टॉम लाथम पर है। इनके अलावा अगर कोलिन मुनरो का बल्ला चल गया तो वह भारतीय टीम के लिए परेशानी खड़ी कर सकते हैं।

टीमें : विराट कोहली (कप्तान), शिखर धवन, रोहित शर्मा, लोकेश राहुल, मनीष पांडे, श्रेयस अय्यर, दिनेश कार्तिक, महेंद्र सिंह धौनी (विकेटकीपर), हार्दिक पांड्या, अक्षर पटेल, युजवेंद्र चहल, कुलदीप यादव, भुवनेश्वर कुमार, जसप्रीत बुमराह, मोहम्मद सिराज।

न्यूजीलैंड : केन विलियमसन (कप्तान), मिशेल सैंटनर, ईश सोढ़ी, टिम साउदी, रॉस टेलर, ट्रेंट बाउल्ट, टॉम ब्रूस, कोलिन डी ग्रांडहोम, मार्टिन गुप्टिल, मैट हेनरी, टॉम लाथम, हेनरी निकोलस, एडम मिलने, कोलिन मुनरो, ग्लेन फिलिप्स (विकेटकीपर)।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493