राजग में वापस शामिल होने का सवाल ही नहीं : बीजद

भुवनेश्वर, 27 जुलाई (आईएएनएस)। बिहार के मुख्यमंत्री नीतीश कुमार की भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (राजग) में वापसी के बीच बीजू जनता दल (बीजद) ने गुरुवार को आगामी विधानसभा चुनाव से पहले राजग में वापसी की किसी भी संभावना से इंकार किया है।

बीजद के वरिष्ठ नेता और पंचायती राज्य मंत्री प्रदीप महारथी ने कहा कि पार्टी फिर से राजग में शामिल नहीं होगी।

महारथी ने कहा, “नीतीश कुमार ‘जोड़-तोड़ की सरकार’ में विश्वास कर सकते हैं, लेकिन हम भाजपा के साथ किसी तरह का गठबंधन नहीं करने वाले। ओडिशा में हमारी स्थिति मजबूत है और 2019 में ओडिशा में होने वाले विधानसभा चुनाव में किसी को भी टक्कर दे सकते हैं।”

बीजद अध्यक्ष और मुख्यमंत्री नवीन पटनायक द्वारा हाल ही में राष्ट्रपति चुनाव के दौरान राजग उम्मीदवार के पक्ष में मतदान करने के बाद से ही बीजद और भाजपा के बीच फिर से गठबंधन होने की संभावनाएं जताई जा रही हैं।

वहीं बीजद लगातार कहती आ रही है कि वह भाजपा और कांग्रेस दोनों से ही बराबर दूरी बनाए रखेगी।

बीजद के विधायक दिव्य शंकर मिश्रा ने कहा, “मुख्यमंत्री लगातार कहते रहे हैं कि हमारी पार्टी कांग्रेस और भाजपा से समान दूरी बनाए रखेगी। भाजपा के साथ किसी भी तरह के गठबंधन की कोई संभावना नहीं है।”

ओडिशा में 2000 से 2009 के बीच बीजद सरकार में भाजपा घटक दल रही है। नवीन पटनायक ने 2009 के विधानसभा चुनाव से ठीक पहले भाजपा से गठबंधन तोड़ लिया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493