राजग सरकार हमेशा तत्पर रही है : राजनाथ

कोलकाता, 26 मई (आईएएनएस)। राष्ट्रीय जनतांत्रिक गठबंधन (एनडीए) सरकार का एक साल पूरा होने पर जारी प्रगति रिपोर्ट की मुख्य बातों पर रोशनी डालते हुए केंद्रीय गृहमंत्री राजनाथ सिंह ने मंगलवार को कहा कि राजग सरकार के शासन में देश नीति-पक्षाघात के संकट से उबरा है और विश्व में भारत की सकारात्मक छवि बनी है।

राजनाथ ने कहा, “राजग सरकार के एक साल के प्रदर्शन की समीक्षा कर रहा कोई भी व्यक्ति खुद ही इस निष्कर्ष पर पहुंचेगा कि प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी के नेतृत्व वाली इस सरकार का प्रदर्शन उत्कृष्ट रहा है।”

उन्होंने कहा, “अगर कोई व्यक्ति ‘उत्कृष्ट’ शब्द का प्रयोग नहीं कर रहा है, फिर भी वह इतना तो जरूर मानेगा कि पिछले साल में सरकार हमेशा काम की ओर तत्पर रही है।”

राजनाथ, भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के नेतृत्व वाली राजग सरकार का एक साल पूरा होने के मौके पर यहां प्रेस क्लब में आयोजित संवाददाता सम्मेलन को संबोधित कर रहे थे।

उन्होंने कहा,”यह तथ्य है कि भाजपा के नेतृत्व वाली राजग सरकार के केंद्र में आने से न सिर्फ भारत में, बल्कि विदेशों में देश की विश्वसनीयता बढ़ी है।”

कांग्रेस के नेतृत्व वाली संयुक्त प्रगतिशील गठबंधन (संप्रग) सरकार के कार्यकाल पर हमला बोलते हुए राजनाथ ने कहा कि 2004 से 2014 के बीच देश ‘नीति-पक्षाघात’ का शिकार था, जिसने अर्थव्यवस्था को डगमगाया था और चारों ओर निराशा का माहौल बना दिया था।

उन्होंने कहा, “लेकिन आज हम विश्वास के साथ कह सकते हैं कि हमारी अर्थव्यवस्था में सूक्ष्म से लेकर स्थूल स्तर तक बड़ा बदलाव आया है।”

उन्होंने कहा, संप्रग सरकार के दौरान वित्तीय घाटा और चालू खाता घाटा नियंत्रण से बाहर हो गया था, और सकल घेरलू उत्पाद (जीडीपी) पांच फीसदी पर ही स्थिर बनी रही थी।

उन्होंने कहा कि अब जीडीपी बढ़कर सात फीसदी हो गई है। उन्होंने भरोसा जताया कि आगामी तीन से चार सालों के अंदर देश जीडीपी दर में दोगुनी वृद्धि देखेगा।

गृहमंत्री ने कहा कि जी-20 देशों में भारत की अर्थव्यवस्था सबसे तेजी से विकास कर रही है। वित्तीय घाटा और चालू खाता घाटा अब नियंत्रण में और क्रमश: चार और 3.8 फीसदी पर बने हुए हैं।

उन्होंने कहा कि संप्रग सरकार के दौरान रक्षा संबंधी प्रस्ताव और परियोजनाएं पास नहीं हुई थीं। लेकिन पिछले एक साल में 40 रक्षा प्रस्तावों को स्वीकृत किया गया है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493