वाशिंगटन, 19 मार्च (आईएएनएस)। जापान में अमेरिका की राजदूत कैरोलिन केनेडी को मिली जान से मारने की धमकी के बाद दोनों देशों की सरकारें उनकी सुरक्षा के उपायों पर काम कर रही हैं।
समाचार एजेंसी सिन्हुआ की रिपोर्ट के अनुसार, विदेश मंत्रालय की प्रवक्ता जेनिफर साकी ने बुधवार को नियमित प्रेस वार्ता के दौरान कहा, “हम अमेरिकी राजनयिकों को मिली किसी भी तरह की धमकी को गंभीरता से लेते हैं।”
कैरोलिन को फरवरी में एक अंग्रेजी भाषी व्यक्ति ने फोन पर कई बार जान से मारने की धमकी दी थी।
साकी ने कहा, “हम आवश्यक सुरक्षा उपायों को सुनिश्चित करने के लिए जापान सरकार के साथ काम कर रहे हैं।”
कैरोलिन को जान से मारने की धमकी जापानी मीडिया में मंगलवार को उस वक्त सामने आई जब महीने की शुरुआत में ही दक्षिण कोरिया में अमेरिकी राजदूत मार्क लिपर्ट पर चाकू से हमला किया गया था।
राजनयिक को चेहरे और हाथ में चोटें आई थीं।
साकी ने हालांकि, कहा कि टोक्यो में अमेरिकी दूतावास की सुरक्षा में किसी तरह का बदलाव नहीं किया गया है।
अमेरिका के पूर्व राष्ट्रपति जॉन एफ.केनेडी की एकमात्र जिंदा संतान कैरोलिन केनेडी को 2013 में राजदूत नियुक्त किया गया था। जापान में राजदूत के पद पर वह पहली अमेरिकी महिला हैं।
dharmpath.com dharmpath