राजद अपने नेताओं को गलतबयानी से रोके : जद (यू)

पटना, 12 सितंबर (आईएएनएस)। बिहार में सत्ताधारी महागठबंधन में शामिल राष्ट्रीय जनता दल (राजद) के नेताओं द्वारा लगातार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधे जाने से असहज जनता दल (युनाइटेड) ने सोमवार को राजद को सख्त लहजे में चेतावनी दी कि वह ‘गठबंधन धर्म’ का पालन करते हुए अपने नेताओं को गलत बयानबजी करने से रोके।

पटना में जद (यू) के नेता और मंत्री विजेंद्र यादव और ललन सिंह ने एक संवाददाता सम्मेलन में कहा कि गठबंधन चलाना गठबंधन में शामिल सभी दलों की जिम्मेदारी है। राजद अध्यक्ष लालू प्रसाद अपने पार्टी नेताओं को बयानबाजी से रोकें। अगर इसमें कोई दिक्कत है तो सब लोग अपनी जिम्मेदारी तय कर लें।

जद (यू) नेता यादव ने कहा, “राजद नेता और पार्टी के उपाध्यक्ष रघुवंश प्रसाद सिंह विपक्षी दल भाजपा के नेताओं से भी ज्यादा सरकार के खिलाफ बयान देते हैं। हम लालू प्रसाद जी से अपील करते हैं कि वे अपने नेताओं को उल्टा बयान देने से रोकें।”

उन्होंने कहा, “राजद के वरिष्ठ नेता जो बयानबाजी करते हैं, वह कतई उचित नहीं है। ऐसे बयानों से गठबंधन धर्म का अनादर होता है। जनता ने जिस आधार पर हमें चुना है, उसका अपमान नहीं होना चाहिए।”

राजद के पूर्व सांसद शहाबुद्दीन के नीतीश कुमार को ‘परिस्थितिजन्य मुख्यमंत्री’ बताए जाने के विषय में उन्होंने कहा कि ऐसे लोगों के बयानों को तवज्जो नहीं दी जानी चाहिए।

बिहार में सत्ताधारी महागठबंधन में राजद, कांग्रेस और जद (यू) शामिल हैं।

इधर, ललन सिंह ने भाजपा पर आरोप लगाया कि शहाबुद्दीन के मामले में भाजपा गलत बयानबाजी कर रही है। उन्होंने कहा कि जो व्यक्ति 11 साल जेल में रहा हो, उस पर क्राइम कंट्रोल एक्ट (सीसीए) नहीं लगाया जा सकता और कानून के जानकार इस बात से वाकिफ हैं।

उन्होंने कहा कि राज्य में कानून का राज है और हमेशा रहेगा। उन्होंने कहा कि शहाबुद्दीन के मामले में कानून अपना काम करेगा। जनता को डरने की कोई जरूरत नहीं है।

उल्लेखनीय है कि रघुवंश प्रसाद सिंह लगातार मुख्यमंत्री नीतीश कुमार पर निशाना साधते रहे हैं। पूर्व सांसद शहाबुद्दीन द्वारा नीतीश को परिस्थितिजन्य मुख्यमंत्री बताए जाने पर भी सिंह ने इस बयान का समर्थन किया था। वह शराबबंदी का भी मजाक उड़ाते रहे हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493