राजनाथ का जयललिता को ‘हरसंभव मदद’ का आश्वासन (लीड-1)

नई दिल्ली, 19 नवंबर (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने गुरुवार को तमिलनाडु की मुख्यमंत्री जे. जयललिता को बाढ़ से निपटने में ‘हरसंभव मदद’ देने का आश्वासन दिया।

तमिलनाडु में आई भयावह बाढ़ में अब तक करीब 100 लोगों के मरने की खबर है। इसने बड़े पैमाने पर तबाही मचाई है।

जयललिता ने राजनाथ सिंह को बाढ़ के बाद राज्य विशेषकर राजधानी चेन्नई और पड़ोसी जिले कांचीपुरम एवं कडलूर में उत्पन्न हालात के बारे में फोन पर बताया, जिस पर केंद्रीय गृह मंत्री ने उन्हें मदद का आश्वासन दिया।

यहां जारी एक आधिकारिक बयान में कहा गया कि राजनाथ ने जयललिता से कहा कि राज्य द्वारा नुकसान की रिपोर्ट सौंपे जाने के तुरंत बाद केंद्र की एक टीम तमिलनाडु पहुंच जाएगी।

राजनाथ ने अपने ट्विटर अकाउंट पर लिखा कि केंद्र सरकार बचाव एवं राहत अभियान में तमिलनाडु की राज्य एजेंसियों की सहायता कर रही है। उन्होंने कहा कि उन्होंने जयललिता को ‘हरसंभव मदद’ का आश्वासन दिया।

मुख्यमंत्री ने राजनाथ को बताया कि बाढ़ से हुए नुकसान का मूल्यांकन कर लिया गया है।

जयललिता ने कहा कि केंद्र सरकार से राष्ट्रीय आपदा प्रतिक्रिया कोष और अन्य केंद्रीय वित्त पोषण से मदद दिलाने के लिए 23 नवंबर तक एक विस्तृत ज्ञापन सौंपा जाएगा।

उन्होंने गृह मंत्री से यह भी आग्रह किया कि वह तमिलनाडु में बाढ़ से हुए नुकसान का आकलन करने के लिए जल्द से जल्द केंद्र की एक टीम नियुक्त करें और अविलंब केंद्रीय सहायता दिलाएं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493