राजनाथ के समझाने पर गिरी ने भूख हड़ताल खत्म की

नई दिल्ली, 21 जून (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के पूर्वी दिल्ली से लोकसभा सांसद महेश गिरी ने मंगलवार को दिल्ली के मुख्यमंत्री अरविंद केजरीवाल के घर के बाहर अपना आमरण अनशन तोड़ दिया।

केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह मंगलवार शाम सिविल लाइन्स पहुंचे, जहां गिरी भूख हड़ताल पर बैठे थे। सिंह ने गिरी को समझाया की वह ‘अपनी जिंदगी को खतरे में न डालें।’

केजरीवाल ने नई दिल्ली नगरपालिका परिषद के एस्टेट अधिकारी एम.एम. खान की हत्या के मामले में गिरी की संलिप्तता का आरोप लगाया था। गिरी ने केजरीवाल को इस आरोप पर खुली बहस का न्योता दिया था, जिस पर केजरीवाल के इनकार के बाद रविवार से गिरी केजरीवाल के घर के बाहर विरोध प्रदर्शन कर रहे थे।

गृह मंत्री ने गिरी को जूस पिलाकर उनकी भूख हड़ताल खत्म कराई।

खान चार सितारा होटल ‘द कनॉट’ की लीज की शर्तो पर एक आदेश पारित करने वाले थे। इसके ठीक एक दिन पहले 16 मई को उनकी यहां जामिया नगर में गोली मारकर हत्या कर दी गई थी।

केजरीवाल ने गिरी की गिरफ्तारी की मांग को दोहराते हुए दिल्ली पुलिस से गिरी और खान हत्या मामले के प्रमुख आरोपी ‘द कनॉट’ का संचालन करने वाले होटल मालिक रमेश कक्कड़ के बीच के संबंध की जांच करने का आग्रह किया था।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493