नई दिल्ली, 20 मार्च (आईएएनएस)। केंद्रीय गृह मंत्री राजनाथ सिंह ने सोमवार को मणिपुर के मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह को विश्वास मत जीतने पर बधाई दी। उन्होंने उम्मीद जताई कि राज्य बीरेन सिंह के नेतृत्व में प्रगति करेगा।
राजनाथ ने एक ट्वीट में कहा, “मणिपुर के मुख्यमंत्री एन. बीरेन सिंह को राज्य विधानसभा में विश्वास मत जीतने की बधाई। मैं उनके नेतृत्व में राज्य के प्रगति के पथ पर अग्रसर होने को लेकर आश्वस्त हूं।”
बीरेन सिंह ने राज्य विधानसभा में सोमवार को हुए शक्ति परीक्षण में ध्वनिमत से विश्वास मत हासिल किया।
राज्य में पहली बार भाजपा के नेतृत्व में सरकार बनी है। बीरेन सिंह के नेतृत्व में पार्टी ने नागा पीपुल्स फ्रंट (एनपीएफ) तथा नेशनल पीपुल्स फ्रंट (एनपीपी) के चार-चार विधायकों, एक निर्दलीय विधायक और लोक जनशक्ति पार्टी (लोजपा) तथा तृणमूल कांग्रेस के एक-एक विधायक के समर्थन से सरकार बनाई है।
राज्य विधानसभा की 60 सीटों के लिए हुए चुनाव में भाजपा को 21 सीटें मिलीं, जबकि कांग्रेस 28 सीटों के साथ सबसे बड़ी पार्टी के रूप में उभरने के बावजूद सरकार बनाने में पिछड़ गई।
dharmpath.com dharmpath