राजस्थान के विधायक की गिरफ्तारी की मांग पर मोदी को लिखा पत्र

नई दिल्ली, 31 जनवरी (आईएएनएस)। राजस्थान में भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) के विधायक कंवर लाल मीणा की गिरफ्तारी के लिए शनिवार को 150 से अधिक लोकप्रिय हस्तियों ने प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी और सूबे की मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे को पत्र लिखा है।

कंवर लाल मीणा पर झालावाड़ में सामाजिक कार्यकर्ता अरुणा रॉय और निखिल डे के गैर सरकारी संगठन (एनजीओ) के कार्यकर्ताओं पर हमले की अगुवाई करने का आरोप है।

इस पत्र में कहा गया है, “हम कंवर लाल मीणा द्वारा ‘जवाबदेही यात्रा’ पर हिंसक हमले करने की घटना की पुरजोर निंदा करते हैं और उनकी गिरफ्तारी की मांग करते हैं।”

इस पत्र पर 150 से अधिक लोकप्रिय हस्तियों ने हस्ताक्षर किए हैं, जिसमें पत्रकार पामेला फिलीपोज, प्रोफेसर अचिन वनायक, पूर्व सूचना आयुक्त शैलेश गांधी और अर्थशास्त्री जयती घोष जैसी नामचीन हस्ती शामिल हैं।

इनके अलावा जिन लोगों ने इस पत्र पर हस्ताक्षर किए हैं, उनमें मेधा पाटकर, उमा चक्रवर्ती, हर्ष मंदर, बाबा आधव और एनी राजा भी शामिल हैं।

सामाजिक कार्यकर्ताओं ने अपने पत्रों में इस घटना के लिए जिम्मेदार लोगों के खिलाफ तुरंत कार्रवाई करने की मांग की है।

पत्र के मुताबिक, “इन हमलों के दोषी और हमला करने के लिए जिम्मेदार नेताओं पर तुरंत कार्रवाई होनी चाहिए। इन हमलों में पीड़ित लोगों के चिकित्सीय इलाज के लिए उचित मुआवजे का भुगतान किया जाना चाहिए।”

उन्होंने यह भी मांग की कि राजस्थान सरकार को इस घटना की सार्वजनिक तौर पर निंदा करनी चाहिए और इसकी जांच करानी चाहिए।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493