जयपुर, 16 अप्रैल (आईएएनएस)। राजस्थान में सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग द्वारा संचालित समस्त राजकीय एवं वित्तीय सहायता प्राप्त छात्रावासों एवं आवासीय विद्यालयों में नए शैक्षणिक सत्र 2018-19 में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन 18 अप्रैल से शुरू होंगे।
सामाजिक न्याय एवं अधिकारिता विभाग के निदेशक डा. समित शर्मा ने बताया कि आवासीय विद्यालयों एवं छात्रावासों में कक्षा 6-12 में अध्ययनरत छात्र-छात्राओं को प्रवेश दिया जाएगा। छात्रावासों में प्रथम वरीयता बीपीएल परिवारों के छात्र-छात्राओं को दी जाएगी। छात्रावास के लिए आवेदन करने वाले छात्र के परिवार की वार्षिक आय 2.50 लाख रुपये से अधिक नहीं होनी चाहिए।
निदेशक ने बताया कि प्रवेश के लिए ई-मेल आई डी, मोबाइल नम्बर, आधार नम्बर, यूआईडी, भामाशाह कार्ड संख्या, मूलनिवास प्रमाण पत्र, गत वर्ष की अंकतालिका, जाति प्रमाण पत्र आदि दस्तावेज संलग्न करने होंगे।
उन्होंने बताया कि 30 जून तक विद्यालय स्तर एवं 31 जुलाई तक महाविद्यालय स्तरीय छात्रावासों में प्रवेश के लिए ऑनलाइन आवेदन किए जा सकेंगे।
dharmpath.com dharmpath