राजस्थान : बकाया कृषि ऋण चुकाने पर ब्याज में 50 प्रतिशत छूट

जयपुर, 27 अप्रैल (आईएएनएस)। राजस्थान के सहकारिता मंत्री अजय सिंह किलक ने शुक्रवार को कहा कि प्राथमिक सहकारी भूमि विकास बैंकों से लिए गए कृषि ऋण को 15 मई तक चुकाने पर ब्याज में 50 प्रतिशत तक की माफी की गई है। उन्होंने बताया कि इससे लाखों किसानों को फायदा पहुंचेगा।

किलक ने बताया कि ऋण चुकाने में किसानों के सामने आ रही समस्याओं के मद्देनजर यह निर्णय लिया गया है। उन्होंने बताया कि सरकार की ब्याज अनुदान योजना का फायदा ज्यादा से ज्यादा किसानों को देने के लिए किसानों को राहत देकर ऋण के वितरण को बढ़ाना है। उन्होंने कहा कि सरकार का उद्देश्य कम ब्याज पर अधिक से अधिक ऋण देकर किसानों की कृषि एवं अन्य आवश्यकताओं को पूरा करना है।

राजस्थान राज्य सहकारी भूमि विकास बैंक के प्रबंध निदेशक विजय शर्मा ने बताया कि उन सभी किसानों को फायदा दिया गया है, जिन्होंने 36 प्राथमिक भूमि विकास बैंकों एवं उनकी 133 शाखाओं से दीर्घकालीन कृषि एवं अन्य ऋण लिया था। उन्होंने बताया कि जिन किसानों का एक जुलाई, 2017 को ऋण अवधि पार हो चुकी है, ऐसे किसानों को 15 मई तक ऋण चुकाने पर ब्याज में 50 प्रतिशत की माफी दी गई है।

उन्होंने कहा, “ऐसे किसानों को एक और राहत देते हुए उनके दण्डनीय ब्याज एवं वसूली खर्च की राशि को भी शत प्रतिशत माफ किया गया है। जिन अवधि पार ऋणी किसानों की मृत्यु हो गई है, उनकी मृत्यु की दिनांक से संपूर्ण बकाया ब्याज, दण्डनीय ब्याज व वसूली खर्च को पूरा माफ किया गया है।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493