राजस्थान में दलहन उत्पादन 16 लाख टन होने की संभावना : कृषि मंत्री

जयपुर, 10 सितम्बर (आईएएनएस)। राजस्थान के कृषि मंत्री प्रभुलाल सैनी ने कहा कि इस बार के खरीफ सीजन में दलहन की शानदार फसल को देखते हुए राज्य में दलहन उत्पादन 50 प्रतिशत बढ़कर 16 लाख टन हो सकता है। उन्होंने बताया कि इस बार गत सीजन की तुलना में दलहन के बुवाई रकबे में भी 1 लाख 50 हजार हेक्टेयर की वृद्धि दर्ज की गई है।

सैनी ने बताया कि राजस्थान में गत खरीफ सीजन में 10 लाख मीट्रिक टन दलहन का उत्पादन हुआ था, जिसके इस सीजन में बढ़कर 16 लाख 50 हजार मीट्रिक टन होने की संभावना है। उन्होंने बताया कि इस सीजन में राज्य में 29 लाख 88 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में दलहन की बुवाई हुई है, जो कि पिछले सीजन की तुलना में एक लाख 50 हजार हेक्टेयर अधिक है। राज्य में गत खरीफ सीजन में 28 लाख 32 हजार हेक्टयेर क्षेत्र में दलहन की बुवाई हुई थी। उन्होंने प्रमुख दलहन फसलों की बुवाई और उत्पादन की जानकारी देते हुए बताया कि इस सीजन में मूंग की बुवाई 13 लाख 59 हेक्टेयर में हुई है और उत्पादन 8 लाख 43 हजार मीट्रिक टन रहने की संभावना है।

राजस्थान में मोठ की बुवाई 12 लाख 68 हजार हेक्टेयर क्षेत्र में हुई है, जिसका उत्पादन 4 लाख 88 हजार मैट्रिक टन रहने की संभावना है। उड़द का उत्पादन अनुमान 2 लाख 18 हजार मैट्रिक टन का आंका गया है, इसकी बुवाई राज्य में 3 लाख 4 हजार हेक्टेयर में हुई है। इसी तरह राज्य में चंवला की बुवाई एक लाख 600 हेक्टेयर में हुई है, जिसका उत्पादन अनुमान 86 हजार मैट्रिक टन आंका गया है।

उन्होंने बताया कि दालों की कीमतों को नियंत्रित करने और इसके उत्पादन को बढ़ाने के लिए केन्द्र और राज्य सरकार द्वारा विशेष प्रयास किए गए हैं। उल्लेखनीय है कि सरकार द्वारा वर्ष 2016 को दलहन वर्ष घोषित किया गया, दालों के न्यूतम समर्थन मूल्य में वृद्धि की गई और दालों के प्रमाणित बीजों पर अनुदान दिया गया।

कृषि मंत्री सैनी ने आशा व्यक्त की है कि समय पर बारिश होने, दाल-फसलों में कीट-व्याधि का प्रकोप कम होने और किसानों द्वारा समय पर बुवाई करने से इस बार दलहन फसलों की बम्पर पैदावार होने की संभावना है। उन्होंने इस वर्ष दालों की उत्पादकता में वृद्धि होने की भी पूरी संभावना जताई। उन्होंने बताया कि पिछले साल जहां एक हेक्टेयर में 3.2 क्विंटल उत्पादन हुआ था, वहीं उसके मुकाबले इस वर्ष 5.5 क्विंटल होने की संभावना है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493