जयपुर, 26 अक्टूबर (आईएएनएस)। अफगानिस्तान, पाकिस्तान और उत्तर भारत में सोमवार को भूकंप के तेज झटके महसूस किए गए। भूकंप के तेज झटकों से राजस्थान भी दहल गया। लोग घरों, दफ्तरों से बाहर निकल आए।
रिक्टर स्केल पर भूकंप की तीव्रता 7 से अधिक मापी गई, जिसका मुख्य केंद्र अफगानिस्तान में था।
राजस्थान में भूकंप के तेज झटकों की वजह से लोग घरों, दफ्तरों से बाहर निकल आए।
दिन में करीब 2.45 बजे आए भूकंप के झटके लगभग एक मिनट तक महसूस किए गए। ऊंची इमारतो में लोग सुरक्षा के लिए बाहर भागने लगे।
यहां एक मॉल की चौथी मंजिल पर एक कार्यालय में कार्यकारी, आशीष पांडे ने कहा, “हमने भूकंप के झटके महसूस किए। मैं अपनी कुर्सी पर बैठा था और अचानक वह हिलने लगी। मैं तेजी से बाहर भागा।”
तिलक नगर में एक इमारत की छठी मंजिल पर रहने वाले अभिषेक सिंह ने आईएएनएस को बताया, “जब झटके आए, तो मैं उस समय खाना खा रहा था। मैंने देखा कि इमारत में रहने वाले अन्य लोग भाग रहे हैं, तो मुझे एहसास हुआ कि भूकंप आ रहा है।”
सिंह ने कहा कि वह अभी अपनी इमारत में वापस नहीं जाना चाहते हैं।
अधिकारियों ने बताया कि जयपुर मेट्रो सेवा को भी 10 मिनट के लिए रोक दिया गया।
राजस्थान के अन्य इलाकों में भी भूकंप के झटके महसूस किए गए।
dharmpath.com dharmpath