राजामौली की ‘बाहुबली’ को टेलीविजन पर लाने की योजना

नई दिल्ली, 1 अप्रैल (आईएएनएस)। फिल्मकार एस.एस राजामौली ‘बाहुबली’ को पुस्तक के रूप में लाने के बाद अब इसे छोटे पर्दे पर भी लाने की योजना बना रहे हैं।

राजामौली ने ब्लॉकबस्टर फिल्म ‘बाहुबली’ पर आधारित एक किताब ‘द राइज ऑफ सिवागामी’ के लांच के मौके पर कहा, “मेरी योजना अब टेलीविजन श्रृंखला बनाने की है। हालांकि यह डेली सोप नहीं होगा। मेरी योजना 10 से 13 एपिसोड वाला सीजनल शो बनाने की है।”

‘द राइज ऑफ सिवागामी’ के लेखक आनंद नीलकांतन हैं, जो रामायण और महाभारत जैसे भारतीय महाकाव्य के आधार पर कथा पुस्तकें लिखने के लिए जाने जाते हैं।

किसी किताब पर फिल्म बनाने के सवाल पर निर्देशक ने कहा, “इनका रावण का चरित्र बहुत ही अलग है। यह बहुत ही प्रेरणादायी है, लेकिन मुझे नहीं पता कि मैं उस पर फिल्म बनाऊंगा या नहीं। किताबों के अलावा उन्होंने मुझे एक कहानी सुनाई थी जो अभी तक कागज तक ही सीमित है। बहुत पेचीदा और रोचक कहानी है। मैं इससे काफी प्रभावित हुआ था। इसलिए शायद मैं इसे बनाना चाहता हूं, पर देखते हैं क्या होता है?”

उनसे जब इसकी कहानी के बारे में पूछा गया तो उन्होंने कहा, “मैं अभी इसका खुलासा नहीं कर सकता।”

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493