भोपाल, 22 सितंबर (आईएएनएस)। भारतीय जनता पार्टी की मध्यप्रदेश इकाई के अध्यक्ष नंदकुमारसिंह चौहान ने कहा कि वाल्मीकि समाज की भारतीय समाज में अहम भूमिका रही है, इस वर्ग से आने वाले महर्षि वाल्मीकि ही ऐसे महान ऋषि थे, जिन्होंने अयोध्या के राजा राम को भगवान राम बनाया।
सफाई कामगार आयोग के अध्यक्ष पद पर जटाशंकर करोसिया सहित अन्य लोगों को मनोनीत किए जाने के बाद यहां पार्टी के प्रदेश दफ्तर में शुक्रवार को आयोजित स्वागत समारोह में प्रदेशाध्यक्ष चौहान ने वाल्मीकि समाज से आह्वान किया कि वे बदलते समय की चुनौतियों का सामना करते हुए केंद्र सरकार और राज्य सरकार की जनोन्मुखी नीतियों का लाभ उठाकर अंतिम पंक्ति के अंतिम व्यक्ति का भविष्य संवारें।
उन्होंने वाल्मीकि समाज के प्रति श्रद्धा भाव जाहिर करते हुए कहा कि उनकी भूमिका वात्सल्य पूर्ण है। जिस तरह मां बच्चों को लाड़ प्यार में रखकर उनकी साफ -सफाई का ध्यान रखती है, ठीक उसी तरह यह समाज भी पर्यावरण को शुद्ध व स्वच्छ बनाने में महती भूमिका का निर्वाह करता है।
इस मौके पर सफाई कामगार आयोग के उपाध्यक्ष सूरज खरे, सदस्य सुनील वाल्मीकि, रतनसिंह मेहरोलिया, ओमप्रकाश नरवारे, अमित कछवाहा, बाबूलाल नरवले व उषा पवार का स्वागत किया गया।
उन्होंने कांग्रेस पर अनुसूचित जाति को छलाने का आरोप लगाते हुए कहा कि इस वर्ग को वोट बैंक बनाकर उसका शोषण किया है, वहीं भाजपा ने इन वर्गो के साथ इंसाफ किया है और उन्हें संगठन और सत्ता में भागीदार बनाया है। इस मौके पर प्रदेश मीडिया प्रभारी लोकेंद्र पाराशर ने भी संबोधित किया।
dharmpath.com dharmpath