राज्यसभा की कार्यवाही दिनभर के लिए स्थगित (लीड-1)

नई दिल्ली, 9 मार्च (आईएएनएस)। संसद के ऊपरी सदन राज्यसबा की कार्यवाही शुक्रवार को विपक्ष के हंगामे के बीच दिनभर के लिए स्थगित कर दी गई।

विपक्षी दलों के सांसदों ने 12,600 करोड़ रुपये के पंजाब नेशनल बैंक (पीएनबी) घोटाले और आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा दिए जाने की मांग पर हंगामा किया।

अपराह्न् 2.30 बजे जैसे ही सदन की कार्यवाही दोबारा शुरू हुई। कांग्रेस, तेलुगू देशम पार्टी (तेदेपा) और एआईएडीएमके के सांसद सभापति के आसन के पास इकट्ठा हो गए और नारेबाजी करने लगे।

उपसभापति पी.जे.कुरियन ने उनसे कामकाज करने का आग्रह किया लेकिन विपक्षी सांसदों का हंगामा जारी रहा।

कांग्रेस सांसद प्रमोद तिवारी पीएनबी घोटाले के बारे में कुछ कहते सुने गए। उन्होंने इस मुद्दे पर केंद्र सरकार से जवाब की मांग की।

तेदेपा सांसद आंध्र प्रदेश को विशेष राज्य का दर्जा दिए जाने के समर्थन में प्लेकार्ड दिखाकर नारेबाजी करने लगे जबकि एआईएडीएमके के सांसदों ने कावेरी जल विवाद पर हंगामा किया।

नारेबाजी के बीच कुरियन ने सदन की कार्यवाही सोमवार सुबह तक के लिए स्थगित कर दी।

इससे पहले हंगामे के बीच सभापति एम.वेंकैया नायडू ने संसद की कार्यवाही अपराह्न् 2.30 बजे तक के लिए स्थगित कर दी थी।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493