तिरुवनंतपुरम, 10 मार्च (आईएएनएस)। कांग्रेस नेता ए.के. एंटोनी, जनता दल युनाइटेड (जद-यू) सांसद वीरेंद्र कुमार और मार्क्सवादी कम्युनिस्ट पार्टी (माकपा) नेता के. सोमप्रसाद ने गुरुवार को राज्यसभा सीट के लिए नामांकन दाखिल किया। इस महीने केरल से राज्यसभा की तीन सीटें रिक्त होंगी।
तीनों रिक्त सीटों के लिए चुनाव 21 मार्च को होगा, लेकिन और किसी के नामांकन दाखिल न करने की स्थिति में चुनाव नहीं होंगे।
एंटोनी और वीरेंद्र कुमार केरल में सत्तारूढ़ कांग्रेस के नेतृत्व वाले संयुक्त लोकतांत्रिक मोर्चा (यूडीएफ) के प्रत्याशी हैं, जबकि सोमप्रसाद ने माकपा नेतृत्व वाले वाम लोकतांत्रिक मोर्चा (एलडीएफ) की ओर से पर्चा भरा है।
केरल विधानसभा में विधायकों की संख्या के हिसाब से यूडीएफ दो सीटें जीतने में सफल हो सकता है, जबकि एलडीएफ को एक सीट हासिल हो सकती है।
राज्य विधानमंडल सचिव पी.डी. सरंगधरन के सम्मुख पर्चे भरे गए। उन्होंने कहा कि इस महीने की 14 तारीख के बाद यह स्पष्ट हो जाएगा कि चुनाव प्रक्रिया की जरूरत है या नहीं।
एंटोनी (75) 2005 से लगातार दो कार्यकालों तक राज्यसभा सांसद रहे हैं। इससे पहले भी वह 1993 से लेकर 1995 तक उच्च सदन के सदस्य रह चुके हैं।
कुमार (79) केरल में जद (यू) नेता हैं। इसके साथ ही वह एक मीडिया कारोबारी भी हैं और मातृभूमि समूह के प्रमुख हैं।
कोल्लम के सोमप्रसाद स्थानीय स्तर के नेता हैं और माकपा की अनुसूचित जाति इकाई के प्रमुख हैं। उन्होंने 2001 में विधानसभा चुनाव लड़ा था, लेकिन उन्हें हार का मुंह देखना पड़ा था। वह हमेशा से पार्टी के कार्यो में सक्रिय रहे हैं।
dharmpath.com dharmpath