जबलपुर, 9 जून (आईएएनएस)। मध्य प्रदेश की राज्यसभा की तीन सीटों के लिए 11 जून को होने वाले चुनाव में मुंबई में इलाज करा रहे नेता प्रतिपक्ष सत्यदेव कटारे डाक मतपत्र के जरिए मतदान कर सकेंगे। उच्च न्यायालय की एकल खंडपीठ ने गुरुवार को चुनाव आयोग को डाक मतपत्र जारी करने का आदेश दिया।
कटारे का इन दिनों मुंबई में इलाज चल रहा है। वह भोपाल आकर राज्यसभा के चुनाव के लिए होने वाले मतदान में हिस्सा लेने की स्थिति में नहीं हैं। चुनाव आयोग द्वारा कटारे को डाक मतपत्र जारी करने से इनकार के बाद कांग्रेस ने उच्च न्यायालय जबलपुर का दरवाजा खटखटाया था। इस मामले की सुनवाई करते हुए न्यायमूर्ति एस. के. गंगेले ने चुनाव आयोग को निर्देश दिया कि वह कटारे के लिए डाक मतपत्र जारी करे।
कांग्रेस के प्रदेश अध्यक्ष अरुण यादव ने आईएएनएस से बातचीत में कटारे को डाक मतपत्र जारी किए जाने के संबंध में उच्च न्यायालय के आदेश की पुष्टि की।
dharmpath.com dharmpath