राज्यसभा चुनाव : कांग्रेस विधायक पर मत का खुलासा करने का आरोप (लीड-1)

रायपुर, 23 मार्च (आईएएनएस)। राज्यसभा चुनाव के दौरान शुक्रवार को एक महिला कांग्रेस विधायक पर मत का खुलासा कर चुनाव मानकों का उल्लंघन करने के आरोप ने एक विवाद को जन्म दे दिया।

भारतीय जनता पार्टी (भाजपा) उम्मीदवार सरोज पांडे के वोटिंग एजेंट ने आरोप लगाया कि विधायक अनिला भेदिया ने गुप्त मतपेटी में मत डालने के बाद अपने मत का खुलासा कर नियमों का उल्लंघन किया है।

भेदिया ने हालांकि इस आरोप से इनकार किया है और भाजपा के पोलिंग एजेंट पर आरोप लगाया कि जब वह मतदान कर रही थीं, तब वह झांक रहा था।

उन्होंने कहा, “मैंने नियम के मुताबिक अपना मत डाला। मैंने अपने मत का खुलासा नहीं किया है। ये आरोप आधारहीन हैं।”

सूत्रों ने कहा कि मतदान प्रक्रिया संपन्न होने के बाद भेदिया के वोट की वैधता पर अंतिम फैसला लिया जाएगा।

छत्तीसगढ़ राज्यसभा सीट के लिए भाजपा की सरोज पांडे कांग्रेस के लेखराम साहू के खिलाफ चुनाव लड़ रही हैं।

मतदान सुबह नौ बजे शुरू हुआ और मतगणना शाम पांच बजे होगी।

राज्यसभा की 59 सीटों में से 26 सीटों के लिए मतदान छह राज्यों, उत्तर प्रदेश, पश्चिम बंगाल, कर्नाटक, झारखंड, छत्तीसगढ़ और तेलंगाना में हो रहा है।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493