नई दिल्ली, 26 जुलाई (आईएएनएस)। राज्यसभा सदस्यों ने दिल्ली में एक चार वर्षीय मासूम के साथ दुष्कर्म की घटना की मंगलवार को कड़ी निंदा की। सदस्यों ने सरकार से इस मामले में कड़ी कार्रवाई करने की मांग की।
सरकार ने जवाब में अपराध को निंदनीय बताते हुए यथासंभव कड़ी से कड़ी कार्रवाई करने का आश्वासन दिया।
उप सभापति पी.जे. कुरियन ने घटना को ‘स्तब्ध ्रकरने वाला’ बताया।
द्रविड़ मुनेत्र कड़गम (डीएमके) के सदस्य कनिमोझी ने उच्च सदन की कार्रवाई शुरू होते ही यह मुद्दा उठाया और कहा कि अपराध की यह घटना कोई अकेली नहीं है।
कनिमोझी ने कहा, “दिल्ली में एक चार वर्षीय लड़की के साथ दुष्कर्म किया गया है। वह अभी अस्पताल में है।”
उन्होंने कहा, “यह एकमात्र घटना नहीं है। हम बच्चों के साथ दुर्व्यवहार और बाल दुष्कर्म के प्रति ज्यादा संवेनशील नहीं हैं। सरकार को इसे एक बेहद-बेहद गंभीर मामले के रूप में लेना होगा।”
समाजवादी पार्टी (सपा) की सदस्य जया बच्चन ने भी डीएमके सांसद का समर्थन करते हुए इस मुद्दे पर चर्चा की मांग की।
संसदीय मामलों के राज्य मंत्री मुख्तार अब्बास नकवी ने घटना की निंदा की है और यथासंभव कठोरतम कार्रवाई का आश्वासन दिया है।
उन्होंने कहा, “हम इस घटना की निंदा करते हैं। हम कड़ी से कड़ी कार्रवाई करेंगे।”
कुरियन ने मंत्री को मामले में की गई कार्रवाई के बारे में सदन को सूचित करने का निर्देश दिया।
बच्ची के 28 वर्षीय पड़ोसी ने बाहरी दिल्ली के शाहबाद इलाके से रविवार को उसका अपहरण कर लिया था और उसके साथ दुष्कर्म किया था।
dharmpath.com dharmpath