नई दिल्ली, 18 नवंबर (आईएएनएस)। बाजार में 5,366 टन अतिरिक्त दाल आने से इसकी कीमत कुछ घटने की उम्मीद है। यह बात सरकार ने बुधवार को कही।
केंद्रीय उपभोक्ता मामलों, खाद्य एवं सार्वजनिक वितरण मामलों के मंत्रालय द्वारा जारी बयान के मुताबिक, मंगलवार तक 5366 टन अतिरिक्त दाल नीलामी तथा अन्य विकल्पों के माध्यम से बाजार में पहुंचा है।
बयान में कहा गया है, “राज्य सरकारों से मंगलवार तक प्राप्त रपटों के मुताबिक, उपलब्धता बढ़ाने के लिए डि-होल्डिंग अभियान के तहत जब्त 5,366.18 टन दाल को नीलामी या अन्य विकल्पों के माध्यम से बाजार में उतारा गया है। यह कदम आगे चलकर दाल की कीमतें घटाने में सहायक होगा।”
बयान के अनुसार, राज्यों द्वारा जमा सीमा निर्धारित कर दिए जाने के बाद 17 नवंबर, 2015 तक 1,32,777.14 टन दाल जब्त की जा चुकी है। अन्य राज्यों द्वारा भी आवश्यक वस्तु अधिनियम के प्रावधानों के अनुसार जब्त की गई दालों के निपटान में तेजी लाने के प्रयास किए जा रहे हैं।
dharmpath.com dharmpath