नई दिल्ली, 11 सितम्बर (आईएएनएस)। राफेल लड़ाकू विमान सौदे में प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की ‘व्यक्तिगत संलिप्तता’ का आरोप लगाते हुए भाजपा के पूर्व मंत्रियों यशवंत सिन्हा और अरुण शौरी ने मंगलवार को कहा कि प्रधानमंत्री ने सौदे को एकतरफा अंतिम रूप देकर, रक्षा खरीद के सभी नियमों को ताक पर रखकर ‘राष्ट्रीय सुरक्षा के साथ समझौता किया है।’
यहां संवाददाता सम्मेलन को संबोधित करते हुए सिन्हा व शौरी दोनों ने कहा कि सरकार ने देश के सबसे बड़े रक्षा घोटाले में मोदी की संलिप्तता को बचाने के लिए झूठ का पुलिंदा बुना है।
शौरी ने कहा, “उन्होंने जो भी स्पष्टीकरण दिया, उसने सरकार को झूठ के जाल में फंसाने का काम किया है।”
उन्होंने कहा कि मोदी को संप्रग सरकार के सौदे को पलटने का कोई अधिकार नहीं था, जोकि संबंधित लोगों द्वारा किया गया मुश्किल काम था और यह सात-आठ वर्षो की मेहनत का परिणाम था।
dharmpath.com dharmpath