चेन्नई, 6 दिसम्बर (आईएएनएस)। रामकृष्ण मठ जहां स्थित है, वह भी जलमग्न हो गया है, लेकिन वह चेन्नई में राहत कार्य करने में जुटा है। मठ जरूरतमंदों को कपड़े और खाना वितरित कर रहा है।
एक निचले क्षेत्र मायलापोर में स्थित मठ के स्वयंसेवक गणेशपुरम क्षेत्र में 1,500 लोगों को और मिंट क्षेत्र में 500 लोगों को गर्म खाना बांट चुके हैं।
श्री रामकृष्ण मठ के मुताबिक, स्वयंसेवकों ने 150 कम्बल, दूध पाउडर और पानी के पैकेट वितरित किए हैं।
मठ के प्रबंधक स्वामी विमूर्तानंद ने कहा कि समुद्र के नजदीकी इलाकों – पट्टनीपक्कम, श्रीनिवासपुरम और नुडुकुप्पम में 6,000 लोगों को खाना वितरित किया गया।
प्रबंधक के मुताबिक, भक्तों द्वारा दी गई आर्थिक मदद से रामकृष्णपुरम, पीएनके गार्डन्स, सुंदरग्रामणी और स्लेटरपुरम क्षेत्रों में 4,000 लोगों को खाना वितरित किया जा चुका है।
चेन्नई में आई बेमौसम बारिश के कारण भीषण बाढ़ आ गई थी और शहर के काफी बड़े हिस्से जलमग्न हो गए।
चेन्नई और तमिलनाडु के अन्य तीन जिलों में 325 से अधिक लोगों की मौत हो गई।
dharmpath.com dharmpath