रामगोपाल बजाज को 31 अक्टूबर को दिया जाएगा कालीदास सम्मान

भोपाल, 26 अक्टूबर (आईएएनएस)। विख्यात रंगकर्मी रामगोपाल बजाज को मध्यप्रदेश शासन के रंगकर्म के क्षेत्र में दिए जाने वाले राष्ट्रीय कालिदास सम्मान से विभूषित किया जाएगा। उन्हें यह सम्मान 31 अक्टूबर को उज्जैन में आयोजित अखिल भारतीय कालिदास समारोह में प्रदान किया जाएगा।

आधिकारिक तौर पर मिली जानकारी के अनुसार, सम्मान की चयन समिति की नई दिल्ली में हुई बैठक में बजाज को यह सम्मान देने का फैसला हुआ। समिति में वरिष्ठ रंगकर्मी मोहन महर्षि, विमल लाठ, जयदेव तनेजा, संजय उपाध्याय एवं लोकेन्द्र त्रिवेदी शामिल हैं।

राज्य सरकार के संस्कृति विभाग द्वारा दिए जाने वाले राष्ट्रीय कालीदास सम्मान में दो लाख रुपये की राशि एवं सम्मान पट्टिका से नवाजा जाता है। यह सम्मान रंगमंच के विभिन्न आयामों में उत्कृष्टता, दीर्घ साधना एवं सतत सृजन के लिए प्रदान किया जाता है। बजाज को यह सम्मान 31 अक्टूबर को उज्जैन में अखिल भारतीय कालिदास समारोह में प्रदान किया जाएगा।

बजाज राष्ट्रीय नाट्य विद्यालय के निर्देशक रहे हैं। एनएसडी की भारत रंग महोत्सव जैसी प्रतिष्ठित वार्षिकी रंग-गतिविधि के प्रस्तावक और उसे नई उंचाईयों तक ले जाने में उनकी अहम भूमिका रही है।

बजाज ने अनेक महत्वपूर्ण कृतियों पर रंग-प्रयोग किए हैं। इनमें ‘सूर्य की अन्तिम किरण से सूर्य की पहली किरण तक’, ‘स्कन्दगुप्त’, ‘कैद ए हयात’, ‘आषाढ़ का एक दिन’ आदि शामिल हैं। इसके अलावा बजाज ने गिरीश कर्नाड के नाटक ‘रक्त कल्याण’ का भी हिन्दी में अनुवाद किया है। बजाज प्रभावी अभिनेता भी हैं, जो समय-समय पर अनेक फिल्मों और धारावाहिकों के जरिए अपनी छाप छोड़ने में सफल रहे हैं।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493