नई दिल्ली, 18 अगस्त (आईएएनएस)। छत्तीसगढ़ की राजधानी रायपुर को हॉकी वर्ल्ड लीग (एचडब्ल्यूएल) फाइनल-2015 की मेजबानी मिली है। अंतर्राष्ट्रीय हॉकी महासंघ ने मंगलवार को इसकी घोषणा की।
रायपुर में यह पहली अंतर्राष्ट्रीय प्रतियोगिता होगी। एचडब्ल्यूएल फाइनल का आयोजन 27 नवम्बर से छह दिसम्बर तक होना है। इसमें आठ टीमें हिस्सा लेंगी।
रायपुर स्थित रायपुर अंतर्राष्ट्रीय स्टेडियम की क्षमता तीन हजार है और इसे अगस्त 2014 में खोला गया था। रायपुर में अत्याधुनिक नीला टर्फ है।
एचडब्ल्यूएल फाइनल में इस साल आस्ट्रेलिया, जर्मनी, बेल्जियम, ब्रिटेन, अर्जेटीना, भारत और कनाडा की टीमें शिरकत करेंगी। इन टीमों ने ब्यनस आयर्स और बेल्जियम में आयोजित वर्ल्ड लीग सेमीफाइनल्स के माध्यम से फाइनल का टिकट कटाया है।
छत्तीसगढ़ का मुख्यमंत्री रमन सिंह ने इस आयोजन की मेजबानी मिलने पर खुशी जाहिर की है। सिंह ने कहा, “यह राज्य के लिए गर्व का क्षण है। हमने जब इस स्टेडियम का काम शुरू किया था तब हमारा उद्देश्य इसे विश्वस्तरीय बनाने का था। हम अपने उद्देश्य में सफल रहे।”
एफआईएच ने अपने बयान में कहा है कि रायपुर ने बीते दिनों में हॉकी को लेकर जबरदस्त उत्साह और पसंद दिखाया है। इसी कारण रायपुर को हॉकी वर्ल्ड लीग जैसे अहम आयोजन की मेजबानी मिली है। उम्मीद है कि मेजबान के तौर पर रायपुर दुनिया भर में एक मानक स्थापित करेगा।
बीते साल एचडब्ल्यूएल फाइनल का आयोजन नई दिल्ली के के मेजर ध्यानचंद नेशनल स्टेडियम में हुआ था। नीदरलैंड्स ने एचडब्ल्यूएल के पहले संस्करण का खिताब जीता था।
dharmpath.com dharmpath