सफदरजंग के रेजिडेंट चिकित्सक केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव से मिलेंगे

नई दिल्ली, 18 अगस्त (आईएएनएस)। राष्ट्रीय राजधानी स्थित सफदरजंग अस्पताल के अधीक्षक डॉ.राजपाल के स्थानांतरण के मुद्दे पर चर्चा के लिए अस्पताल के रेजिडेंट चिकित्सकों का एक प्रतिनिधिमंडल मंगलवार को केंद्रीय स्वास्थ्य सचिव बी.पी.शर्मा से मुलाकात करेगा।

एक वरिष्ठ रेजिडेंट चिकित्सक ने आईएएनएस से कहा, “हम आज (मंगलवार) शाम स्वास्थ्य सचिव से मुलाकात करेंगे और उनसे राजपाल सर के स्थानांतरण को रद्द करने का अनुरोध करेंगे, जिन्होंने सफदरजंग अस्पताल के लिए बेहतरीन काम किए हैं। दिल्ली सरकार के अधीन उनका स्थानांतरण उनके साथ अन्याय है।”

उन्होंने कहा कि प्रतिनिधिमंडल ने केंद्रीय स्वास्थ्य मंत्री जे.पी.नड्डा से भी मिलने का समय मांगा है, हालांकि मुलाकात तभी संभव है, जब समय दिया जाएगा।

डॉ.राजपाल की जगह राम मनोहर लोहिया अस्पताल के वरिष्ठ कान, नाक गला रोग विशेषज्ञ डॉ. ए.के.रॉय को सफदरजंग अस्पताल का नया अधीक्षक बनाया गया है।

स्थानांतरण को लेकर अस्पताल के रेजिडेंट चिकित्सकों ने अनिश्चितकालीन हड़ताल पर जाने का फैसला किया था, जिसे राजपाल के अनुरोध पर रद्द कर दिया गया।

About admin


Notice: ob_end_flush(): Failed to send buffer of zlib output compression (0) in /home4/dharmrcw/public_html/wp-includes/functions.php on line 5493